भारत के तांबा उद्योग में बुनियादी ढांचे, स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के कारण लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे अर्थव्यवस्था पर सकल घरेलू उत्पाद और जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ आयात पर निर्भरता बढऩे और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में अस्थिरता का खतरा मंडराने का असर पड़ा है। भारत में तांबे की मांग में वृद्धि का मुख्य कारण औद्योगिक और विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार है, जो बुनियादी ढांचे के विकास और तीव्र शहरीकरण से जुड़ा है।
सौर ऊर्जा, पवन टर्बाइनों और इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग के कारण तांबे की मांग में भारी वृद्धि हो रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों में पारंपरिक वाहनों की तुलना में तीन गुना ज्यादा तांबा लगता है। तांबे की घरेलू मांग को पूरा करने के लिए भारत आयात पर निर्भर है। पहले भारत एक शुद्ध निर्यातक था, लेकिन स्टरलाइट कॉपर प्लांट के बंद होने के बाद से यह एक शुद्ध आयातक बन गया है, जिससे आयात पर और अधिक निर्भरता बढ़ गई है। उद्योग की आने वाले दशक में क्षमता का और विस्तार करने की योजना है। तांबा एक महत्वपूर्ण धातु है, जो भारत की आर्थिक वृद्धि और जीवन स्तर में सुधार के लिए आवश्यक है, क्योंकि यह बुनियादी ढांचे के विकास में एक अनिवार्य भूमिका निभाता है। भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं तांबे की आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान पैदा कर सकती हैं, जिससे कीमतों में अस्थिरता आ सकती है। तांबे की बढ़ती मांग, विशेष रूप से स्वच्छ ऊर्जा और डिजिटलीकरण के क्षेत्र में, स्वचालन को बढ़ावा दे रही है, लेकिन इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारत को रणनीतिक पहलों की जरूरी है। वहीं भारत तांबे की मांग को पूरा करने के लिए रीसाइक्लिंग और एक मजबूत चक्रीय अर्थव्यवस्था के निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, क्योंकि तांबा 100 फीसदी पुन: प्रयोज्य है। भारत को अपनी घरेलू उत्पादन क्षमता को बढ़ाने और आपूर्ति श्रृंखला में रणनीतिक पहलों को अपनाने की आवश्यकता है, ताकि तांबे की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।

