Monday, September 7, 2026 |
Home Editorial‘कॉर्पोरेट मित्र’: अनुपालन को बोझ से विश्वास का माध्यम बनाने की पहल

‘कॉर्पोरेट मित्र’: अनुपालन को बोझ से विश्वास का माध्यम बनाने की पहल

by Business Remedies
0 comments

केंद्र सरकार ने केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित ‘कॉर्पोरेट मित्र’ पहल को अब औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है। यह कदम सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए राहत भरा साबित हो सकता है। पहल का मूल मकसद अनुपालन को डरावना और जटिल नहीं, बल्कि आसान, सुलभ और सहायक बनाना है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य अनुपालन को महज कानूनी बोझ से बदलकर विश्वास, पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यवस्थित विकास का माध्यम बनाना है।
एमएसएमई क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। लाखों छोटे उद्यम रोजगार सृजन, निर्यात और स्थानीय विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। लेकिन जटिल नियमों, दस्तावेजी प्रक्रियाओं और पेशेवर सलाह की ऊंची लागत के कारण कई उद्यमी अनुपालन से कतराते रहे हैं। ‘कॉर्पोरेट मित्र’ पहल इन्हीं चुनौतियों को दूर करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। इसके जरिए एमएसएमई को किफायती दरों पर प्रोफेशनल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे कानूनी और नियामकीय जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें।
यह पहल सिर्फ सुविधा देने तक सीमित नहीं है। यह मानसिकता में बदलाव की भी संकेत है। पहले अनुपालन को अक्सर सजा या दबाव के रूप में देखा जाता था। अब सरकार इसे सहयोग और साझेदारी का माध्यम बना रही है। जब उद्यमियों को लगता है कि प्रशासन उनका साथी है, न कि नियंत्रक, तो पारदर्शिता और जवाबदेही अपने आप बढ़ती है। इससे न सिर्फ व्यवसाय सुचारू चलते हैं, बल्कि औपचारिक अर्थव्यवस्था का दायरा भी विस्तृत होता है।
हालांकि, किसी भी अच्छी पहल की सफलता उसके क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। ‘कॉर्पोरेट मित्र’ को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच और समयबद्धता सुनिश्चित करनी होगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म को सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना होगा। साथ ही, जागरूकता अभियान चलाकर छोटे उद्यमियों तक इसकी जानकारी पहुंचानी होगी। कुल मिलाकर, यह पहल एमएसएमई क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। यदि इसे सही ढंग से लागू किया गया तो अनुपालन का डर कम होगा, विश्वास बढ़ेगा और व्यवस्थित विकास का रास्ता साफ होगा। सरकार की इस मंशा को साकार करने के लिए प्रशासन और उद्यमियों दोनों को सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। ‘कॉर्पोरेट मित्र’ सही मायने में मित्र तभी बनेगा, जब छोटे उद्यमियों को वास्तविक राहत और सहयोग महसूस होगा।



You may also like

Leave a Comment