बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। कन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘भारतीय सामान खरीदो और बेचो’ की अपील को समर्थन देते हुए घोषणा की है कि 10 अगस्त से इस संबंध में राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना है। यहां आयोजित कैट के दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन में रविवार को यह निर्णय लिया गया। इस सम्मेलन में देश के 26 राज्यों के 150 से अधिक व्यापारी नेताओं ने भाग लिया। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि सभी व्यापारी नेताओं ने एक स्वर से पीएम मोदी के आह्वान को भारत की अस्मिता का प्रतीक बताते हुए इस अभियान का नाम ‘भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान’ रखने का निर्णय लिया है और कहा है कि प्रधानमंत्री की यह अपील आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त करती है।

