Wednesday, July 8, 2026 |
Home Breaking NewsABDM ने ‘डिजिटल स्वास्थ्य’ में बनाई जगह

ABDM ने ‘डिजिटल स्वास्थ्य’ में बनाई जगह

सरकार की पहल: Ayushman Bharat Digital Mission से जुड़े 104 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड

by Business Remedies
0 comments

104 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड 93 करोड़ से ज्यादा ABHA से जुड़े, OPD पंजीकरण हुआ तेज

New Delhi | BR News Network | केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य पहल Ayushman Bharat Digital Mission (ABDM) ने दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल स्वास्थ्य नेटवर्क में अपनी जगह बना ली है। सरकार की ओर से सोमवार को जारी एक आधिकारिक फैक्टशीट के अनुसार, अब तक 104 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड को 93 करोड़ से ज्यादा Ayushman Bharat Health Account (ABHA) से जोड़ा जा चुका है।

फैक्टशीट के अनुसार, यह मिशन नागरिकों को केंद्र में रखकर एक डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित कर रहा है। इसके जरिए मरीज अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित तरीके से प्रबंधित कर सकते हैं, अस्पतालों में कागजी प्रक्रिया कम होती है, पंजीकरण और इलाज के लिए इंतजार का समय घटता है तथा मरीजों, अस्पतालों, डॉक्टरों और बीमा कंपनियों के बीच एकीकृत डिजिटल नेटवर्क के माध्यम से बेहतर समन्वय स्थापित होता है।

आवश्यक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है उद्देश्य

सितंबर, 2021 में शुरू किए गए Ayushman Bharat Digital Mission (ABDM) का उद्देश्य देश भर में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के लिए आवश्यक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ, प्रभावी और आपस में जुड़ी हुई (इंटरऑपरेबल) बन सकें। मिशन के तहत Ayushman Bharat Health Account (ABHA) प्रत्येक नागरिक के लिए एक विशिष्ट डिजिटल हेल्थ ID के रूप में काम करता है। मरीज की सहमति के आधार पर यह ID उसके मेडिकल रिकॉर्ड को अस्पतालों, प्रयोगशालाओं, बीमा कंपनियों और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से सुरक्षित रूप से जोड़ती है।

Aarogya Setu 2.0 भी डिजिटल स्वास्थ्य एप्लिकेशन के रूप में लॉन्च

सरकार ने हाल ही में Aarogya Setu 2.0 को भी ABDM के तहत नागरिकों के लिए एक डिजिटल स्वास्थ्य एप्लिकेशन के रूप में लॉन्च किया है, जिसके जरिए उपयोगकर्ता ABHA अकाउंट बना सकते हैं, डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड का प्रबंधन कर सकते हैं, टेली-कंसल्टेशन और अस्पताल की अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं, बीमा संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, आसपास की स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ले सकते हैं और वियरेबल डिवाइस के जरिए अपने स्वास्थ्य की निगरानी भी कर सकते हैं।

अस्पतालों में OPD पंजीकरण की प्रक्रिया हुई तेज

फैक्टशीट में कहा गया है कि National Health Authority (NHA) की Scan and Share सेवा ने अस्पतालों में OPD पंजीकरण की प्रक्रिया को काफी तेज बना दिया है। 18 जून तक देश भर के स्वास्थ्य संस्थानों में 23.21 करोड़ से अधिक ABHA-लिंक्ड डिजिटल टोकन जारी किए जा चुके थे।

सरकार के अनुसार, 18 जून तक इस मिशन के तहत अस्पतालों को 107 करोड़ रुपए से अधिक, डायग्नोस्टिक सेंटर, लैब और फार्मेसी को 2.95 करोड़ रुपए से अधिक, जबकि डिजिटल समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनियों को 26 करोड़ रुपए से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की जा चुकी है।

स्वास्थ्य संस्थाओं को e-Sushrut Clinic प्लेटफॉर्म से जोड़ा

इसके अलावा, 2,200 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को e-Sushrut Clinic प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। यह Centre for Development of Advanced Computing (C-DAC) की ओर से विकसित एक हल्का Hospital Management Information System (HMIS) है, जो छोटे क्लीनिकों को मरीजों के रिकॉर्ड और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण करने में मदद करता है।



You may also like

Leave a Comment