Tuesday, August 11, 2026 |
Home Main Newsविमानन क्षेत्र में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी

विमानन क्षेत्र में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी

पच्चीस फीसदी तक पहुंचाने का है लक्ष्य

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने सोमवार को कहा कि सरकार भारतीय विमानन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाकर 25 प्रतिशत तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत पहले ही महिला पायलटों की हिस्सेदारी के मामले में वैश्विक औसत से काफी आगे है और अब इस सफलता को विमानन क्षेत्र के अन्य विभागों तक भी विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है।
भारत में पंद्रह फीसदी है पायलट महिलाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि वर्तमान में भारत में करीब 15 प्रतिशत पायलट महिलाएं हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा केवल 5 प्रतिशत के आसपास है। उन्होंने इसे भारत की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि विमानन क्षेत्र के हर हिस्से में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए। नारी शक्ति भारत के विमानन विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा महिलाओं को विमानन क्षेत्र में प्रवेश करने, योगदान देने और नेतृत्व संभालने के लिए प्रोत्साहित किया है। देश ने इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन अभी और आगे बढऩे की जरूरत है।
दुनिया के कई देशों के लिए उदाहरण बना भारत
मंत्री ने गर्व के साथ कहा कि महिलाओं की भागीदारी के मामले में भारत दुनिया के कई देशों के लिए उदाहरण बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारतीय विमानन उद्योग में महिला पायलटों की संख्या वैश्विक औसत की तुलना में तीन गुना अधिक है, जो देश की समावेशी सोच और अवसरों की उपलब्धता को दर्शाता है। राम मोहन नायडू ने स्पष्ट किया कि सरकार का 25 प्रतिशत का लक्ष्य केवल महिला पायलटों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विमानन कार्यबल को शामिल करता है। इसमें हवाई अड्डों से जुड़े रोजगार, तकनीकी सेवाएं, प्रबंधन पद, नई उभरती तकनीकों और भविष्य की विमानन सेवाओं से जुड़े अवसर भी शामिल होंगे।
तकनीकी और लाइसेंस प्राप्त भूमिकाओं में हुआ इजाफा
तकनीकी और लाइसेंस प्राप्त भूमिकाओं में भी महिलाओं की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। वाणिज्यिक पायलट लाइसेंस प्राप्त करने वाली महिलाओं के सालाना नामांकन में भी 20 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। एयर इंडिया और इंडिगो जैसी प्रमुख भारतीय एयरलाइंस में महिला पायलटों की संख्या वैश्विक मानकों की तुलना में बेहतरीन स्थिति में है।
महिलाओं को निर्णय व नेतृत्व करने के मिले अवसर
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने कहा कि चाहे एयरपोर्ट से जुड़े कार्य हों, ईवीटीओएल जैसी नई तकनीकें हों या विमानन क्षेत्र में विकसित हो रहे अन्य इकोसिस्टम, हम हर जगह महिलाओं की अधिक भागीदारी देखना चाहते हैं। मंत्री ने कहा कि विमानन उद्योग को ऐसा वातावरण बनाना होगा, जहां महिलाएं सहजता से काम कर सकें, अपने कॅरियर में आगे बढ़ सकें और नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा सकें। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि महिलाओं को केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि निर्णय लेने और नेतृत्व करने के अवसर भी मिलने चाहिए।
पेशेवर भूमिकाओं में भी कॅरियर बनाने में आगे आएं महिलाएं
कार्यक्रम में महिलाओं की अच्छी भागीदारी का उल्लेख करते हुए नायडू ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं को विमानन क्षेत्र में रुचि लेते देख उन्हें उत्साह मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में और अधिक युवा महिलाएं पायलट, इंजीनियर, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर, एविएशन मैनेजर और अन्य पेशेवर भूमिकाओं में कॅरियर बनाने के लिए आगे आएंगी।



You may also like

Leave a Comment