जयपुर | बिजनेस रेमेडीज गुजरात के सूरत आधारित ‘VAHH Chemicals Limited’ वस्त्र निर्माण में सहायक रसायनों का निर्माण, आपूर्ति और व्यापार करने वाली कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी संबंधी अतिरिक्त आवश्यकताओं के वित्तपोषण, गुजरात के सूरत में एक नई विनिर्माण सुविधा की स्थापना, कंपनी द्वारा लिए गए ऋण का पुनर्भुगतान और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 8 जून 2026 को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: 2019 में निगमित वाह केमिकल्स लिमिटेड एक आईएसओ 9001:2015 प्रमाणित कंपनी है और यह वस्त्र निर्माण में सहायक रसायनों के निर्माण, आपूर्ति और व्यापार में लगी हुई है। कंपनी टैक्सटाइल प्रोसेसिंग में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रकार के रसायनों का मिश्रण तैयार करती है, जिनमें प्री-ट्रीटमेंट, डाइंग, प्रिंटिंग और फिनिशिंग शामिल हैं। कंपनी के मुख्य ग्राहक डाइंग और प्रिंटिंग कंपनियां हैं और कंपनी उनकी विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अनुकूलित रासायनिक फॉर्मूलेशन भी प्रदान करती है। 30 सितंबर, 2025 तक, कंपनी कपास, पॉलिएस्टर, रेशम और सिंथेटिक मिश्रण जैसे विभिन्न वस्त्रों के लिए 92 उत्पाद उपलब्ध करा रही थी।
वित्तीय प्रदर्शन : वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 1015.53 लाख रुपए का कुल राजस्व और 34.46 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 2374.71 लाख रुपए का कुल राजस्व और 258.22 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 4315.25 लाख रुपए का राजस्व और 508.83 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने करीब 11.79 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है।
आईपीओ की जानकारी: ‘वाह केमिकल्स लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 8 जून 2026 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 2242000 इक्विटी शेयर 60 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 13.45 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लोट साइज 2000 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को 2 लोट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख बुक रनिंग लीड मैनेजर कंपनी मारवाड़ी चंदरना इंटरमीडियरीज ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

