Tuesday, June 30, 2026 |
Home Business Remediesयूटिलिटी वाहनों की मांग से 2024-25 में यात्री वाहनों की थोक बिक्री रिकॉर्ड 43 लाख के पार हुई: सियाम

यूटिलिटी वाहनों की मांग से 2024-25 में यात्री वाहनों की थोक बिक्री रिकॉर्ड 43 लाख के पार हुई: सियाम

by Business Remedies
0 comments
siam

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। भारत में यात्री वाहनों की थोक बिक्री वित्त वर्ष 2024-25 में सालाना आधार पर रिकॉर्ड 43 लाख इकाइयों का आंकड़ा पार कर गई। कुल बिक्री में यूटिलिटी वाहनों की हिस्सेदारी 65 प्रतिशत रही। उद्योग निकाय सियाम ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में सालाना आधार पर यात्री वाहनों की थोक बिक्री दो प्रतिशत बढक़र 43,01,848 इकाई हो गई। वित्त वर्ष 2023-24 में यह 42,18,750 इकाई रही थी। सियाम के अनुसार, यूटिलिटी वाहनों ने वृद्धि को गति देना जारी रखा। वित्त वर्ष 2024-25 में कुल यात्री वाहनों की थोक बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 65 प्रतिशत रही जो वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 60 प्रतिशत थी। वित्त वर्ष 2024-25 में यूटिलिटी वाहनों की बिक्री 11 प्रतिशत बढक़र 27,97,229 इकाई हो गई, जबकि वित्त वर्ष 2023-24 में यह 25,20,691 इकाई थी। इसकी तुलना में, यात्री कारों की बिक्री में 13 प्रतिशत की गिरावट देखी गई, जो वित्त वर्ष 2023-24 की 15,48,947 इकाई से घटकर 13,53,287 इकाई रह गई। सियाम ने कहा कि यात्री वाहन खंड ने भी वित्त वर्ष 2024-25 में अपना अब तक का सबसे अधिक 7.7 लाख इकाई का निर्यात दर्ज किया। वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में यह 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

निर्यात में वृद्धि देश में निर्मित होने वाले वैश्विक मॉडल की मांग से प्रेरित रही। गत वित्त वर्ष में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री नौ प्रतिशत बढक़र 1,96,07,332 इकाई हो गई, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 1,79,74,365 इकाई थी। सियाम ने कहा कि ग्रामीण मांग में सुधार और उपभोक्ता विश्वास में पुनरुत्थान से इस क्षेत्र को उबरने में मदद मिल रही है। पिछले वित्त वर्ष में कुल वाणिज्यिक वाहनों की थोक बिक्री एक प्रतिशत घटकर 9,56,671 इकाई रह गई, जबकि वित्त वर्ष 2023-24 में यह 9,68,770 इकाई थी। इसी अवधि में तिपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 6,94,801 इकाइयों की तुलना में सात प्रतिशत बढक़र 7,41,420 इकाई हो गई। सियाम के अध्यक्ष शैलेश चंद्रा ने कहा, ‘‘ भारतीय मोटर वाहन उद्योग ने वित्त वर्ष 2024-25 में अपना स्थिर प्रदर्शन जारी रखा, जो अच्छी मांग, बुनियादी ढांचे में निवेश, सहायक सरकारी नीतियों और टिकाऊ परिवहन पर निरंतर जोर से प्रेरित रहा।’’ सभी श्रेणियों में पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में कुल बिक्री सालाना आधार पर 2,38,57,411 इकाई से सात प्रतिशत बढक़र 2,56,07,391 इकाई हो गई। यात्री वाहनों की थोक बिक्री मार्च महीने में 3,81,358 इकाई रही, जो मार्च 2024 के 3,68,090 वाहनों से चार प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा, सियाम ने बताया कि अफ्रीका और पड़ोसी देशों जैसे प्रमुख बाजारों में निर्यात मांग जारी रहने की संभावना है, क्योंकि ‘मेड इन इंडिया’ वाहनों का चलन बढ़ रहा है।



You may also like

Leave a Comment