कंबोडिया में अब भारतीय यात्रियों के लिए भुगतान करना और भी आसान हो गया है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय इकाई एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड ने एक्लेडा बैंक पीएलसी के साथ साझेदारी में कंबोडिया के राष्ट्रीय क्यूआर कोड सिस्टम केएचक्यूआर के माध्यम से UPI भुगतान स्वीकार करने की सुविधा शुरू कर दी है। इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ कंबोडिया की राजधानी फ्नोम पेन्ह में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर कंबोडिया के राष्ट्रीय बैंक की गवर्नर डॉ. चिया सेरेई तथा भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। यह पहल भारत और कंबोडिया के बीच सीमा-पार क्यूआर भुगतान संपर्क की पहली कड़ी है। इसके तहत भारतीय यात्री अब UPI आधारित मोबाइल अनुप्रयोगों का उपयोग करके कंबोडिया में 45लाख से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सीधे भुगतान कर सकेंगे। इनमें पर्यटन स्थल, रेस्तरां, होटल, खरीदारी केंद्र और खुदरा दुकानें शामिल हैं।
अगले चरण में कंबोडिया के नागरिक भी भारत में मौजूद करोड़ों UPI क्यूआर स्वीकार करने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर अपने घरेलू बैंकिंग या भुगतान अनुप्रयोगों के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे। इससे दोनों देशों के बीच दोतरफा डिजिटल भुगतान गलियारा विकसित होगा। एनपीसीआई इंटरनेशनल के अनुसार इस सहयोग का उद्देश्य सुरक्षित, त्वरित और एक-दूसरे के साथ कार्य करने में सक्षम डिजिटल लेनदेन उपलब्ध कराना है। इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी, यात्रियों को सुविधा मिलेगी और भारत तथा कंबोडिया के बीच पर्यटन एवं व्यापारिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी। पहले चरण में कंबोडिया के व्यापारियों को भारत के विशाल डिजिटल भुगतान उपभोक्ता आधार तक पहुंच प्राप्त होगी। इसके साथ ही उन्हें नकदी प्रबंधन में सुधार, भौतिक मुद्रा पर निर्भरता में कमी और परिचालन दक्षता बढ़ाने जैसे लाभ भी मिलेंगे।
एनपीसीआई इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रितेश शुक्ला ने कहा कि यह पहल भारत के डिजिटल भुगतान तंत्र के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कंबोडिया में UPI भुगतान स्वीकार्यता शुरू होने से भारतीय यात्रियों को विदेश में भी परिचित और सहज भुगतान अनुभव मिलेगा, जबकि कंबोडिया के व्यापारियों को लाखों डिजिटल उपभोक्ताओं तक पहुंच का अवसर प्राप्त होगा। एक्लेडा बैंक पीएलसी के अध्यक्ष एवं समूह प्रबंध निदेशक डॉ. इन चैनी ने कहा कि यह साझेदारी कंबोडिया के डिजिटल परिवर्तन और सीमा-पार भुगतान संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि इस एकीकरण से यात्रियों को लेनदेन संबंधी कठिनाइयों और विदेशी मुद्रा विनिमय की चुनौतियों से राहत मिलेगी, वहीं स्थानीय व्यापारियों को व्यापक डिजिटल बाजार तक पहुंच प्राप्त होगी।

