जयपुर | कुंजेश कुमार पतसारिया
अजमेर की टी.के. मशीन टूल्स ने ग्रेनाइट, मार्बल और सैंड स्टोन उद्योग में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। कंपनी के डायरेक्टर चेतन शर्मा ने पुस्तैनी व्यवसाय को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ाते हुए स्टोन प्रोसेसिंग और कटिंग मशीनरी निर्माण के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल किया है। आज टी.के. मशीन उद्योग जगत में भरोसेमंद नाम बन चुकी है और अपनी मजबूत, टिकाऊ तथा उन्नत तकनीक वाली मशीनों के लिए जानी जाती है।
कंपनी की शुरुआत वर्ष 1992 में कैलाश शर्मा ने छोटी स्टोन कटिंग मशीनों के निर्माण के साथ की थी। शुरुआती दौर में स्थानीय बाजार की जरूरतों को समझते हुए बुनियादी मशीनों का निर्माण किया गया। इसके बाद वर्ष 2004 में चेतन शर्मा ने औपचारिक रूप से टी.के. मशीन टूल्स कंपनी की स्थापना की और बड़े स्तर पर स्टोन कटिंग तथा पॉलिशिंग मशीनों का निर्माण शुरू किया। धीरे-धीरे कंपनी ने तकनीक के क्षेत्र में तेजी से विस्तार किया और आज यह आधुनिक सीएनसी तथा रोबोटिक मशीनों के निर्माण तक पहुंच चुकी है। पिछले 5 वर्षों में कंपनी ने सीएनसी मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। टी.के. मशीन अब उन्नत स्टोन कटिंग मशीनों के साथ सीएनसी आधारित रोबोटिक मशीनें भी तैयार कर रही है। कंपनी का पूरा निर्माण कार्य Make In India अवधारणा पर आधारित है। इसी कारण मशीनों की गुणवत्ता बेहतर बनी हुई है और कीमतें भी अन्य कंपनियों की तुलना में किफायती रखी जा रही हैं।
टी.के. मशीन की 3-एक्सिस सीएनसी राउटर और 4-एक्सिस सीएनसी राउटर मशीनें बाजार में काफी लोकप्रिय हो चुकी हैं। कंपनी अब 5-एक्सिस सीएनसी राउटर लॉन्च करने की तैयारी में है। इन मशीनों को विशेष रूप से अधिक सटीकता, तेज गति और बेहतर एकरूपता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे आधुनिक स्टोन प्रोसेसिंग यूनिट्स को काफी सुविधा मिल रही है। चेतन शर्मा ने बताया कि किसी भी व्यवसाय में शुरुआत के समय चुनौतियां आती हैं, लेकिन गुणवत्ता और भरोसे के दम पर उन्हें दूर किया जा सकता है। कंपनी ने हमेशा मशीनों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। टी.के. मशीन अपने ग्राहकों को 1 वर्ष की वारंटी के साथ मजबूत आफ्टर-सेल्स सपोर्ट भी उपलब्ध कराती है। कंपनी की विशेष टीम ग्राहकों से लगातार जुड़ी रहती है और समस्या आने पर पहले Video Call के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी टीम सीधे ग्राहक की साइट पर पहुंचकर सहायता प्रदान करती है। वर्तमान में कंपनी पूरे भारत में मशीनों की सप्लाई कर रही है और कई स्टोन प्रोसेसिंग इकाइयों को सेवाएं दे रही है।
सामाजिक सरोकारों को लेकर भी कंपनी सक्रिय भूमिका निभा रही है। चेतन शर्मा ने बताया कि विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े होने के कारण समय-समय पर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता की जाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्योगों के लिए ऑटोमेशन आवश्यकता बन चुका है। पुरानी तकनीकें धीरे-धीरे समाप्त हो रही हैं और आधुनिक उद्योग तेजी से ऑटोमेशन की ओर बढ़ रहे हैं। मशीनों के उपयोग से उत्पादकता और एकरूपता दोनों में बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां पत्थरों की कटिंग हाथ से होती थी और हर डिजाइन अलग दिखाई देता था, वहीं अब मशीनों के जरिए कम समय में समान गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार हो रहे हैं। जो कार्य पहले 3दिन में पूरा होता था, वह अब केवल 3घंटे में पूरा हो रहा है।
भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए चेतन शर्मा ने कहा कि कंपनी अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रवेश की तैयारी कर रही है। जल्द ही टी.के. मशीन अपनी उन्नत मशीनों का निर्यात दुनिया के विभिन्न देशों में शुरू करेगी। कंपनी का उद्देश्य वैश्विक स्तर की गुणवत्ता वाली मशीनें प्रतिस्पर्धी कीमत पर उपलब्ध कराना है। सरकार से अपेक्षाओं को लेकर उन्होंने कहा कि यदि बिजली दरों को अन्य राज्यों के समान किया जाए तो उद्योगों को बड़ी राहत मिल सकती है और व्यवसाय को नई गति प्राप्त होगी।

