Thursday, September 24, 2026 |
Home Editorialआर्थिक प्रगति में स्टील उद्योग की बढ़ती महत्वपूर्ण भूमिका

आर्थिक प्रगति में स्टील उद्योग की बढ़ती महत्वपूर्ण भूमिका

by Business Remedies
0 comments

भारत की आर्थिक प्रगति में स्टील उद्योग की भूमिका लगातार बढ़ रही है। यह निर्माण, रेलवे, रक्षा, ऊर्जा और विनिर्माण जैसे तमाम प्रमुख क्षेत्रों को कच्चा माल मुहैया कराता है। जीडीपी में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष योगदान के साथ-साथ यह उद्योग लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार प्रदान करता है। सरकार के मेक इन इंडिया अभियान और गति शक्ति योजना को गति देने में भी इसी धातु की सबसे बड़ी भूमिका है। स्टील को किसी भी देश के बुनियादी विकास का आधार माना जाता है। जहां भारत दुनिया के प्रमुख स्टील उत्पादक देशों में शामिल हो चुका है और आने वाले वर्षों में उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वैश्विक बाजार की अनिश्चितताओं और घरेलू मांग में तेजी के कारण भारत के आयात-निर्यात आंकड़ों में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। देश में जहां एक ओर घरेलू खपत तेजी से बढ़ रही है, वहीं चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देशों से आने वाले सस्ते स्टील के कारण आयात पर दबाव भी बना हुआ है। हालांकि, भारतीय उत्पादक गुणवत्तापूर्ण स्पेशलिटी स्टील के निर्यात के साथ वैश्विक बाजारों में अपनी मजबूत पैठ बनाए हुए हैं, जिससे यह व्यापारिक संतुलन बनाए रखने में कामयाब हो रहा है। भविष्य के लिहाज से यह उद्योग बेहद उज्जवल नजर आ रहा है। सरकार को स्टील उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए सरकार को कच्चे माल की उपलब्धता आसान करने, लॉजिस्टिक्स लागत कम करने, नई तकनीकों को बढ़ावा देने और रिसर्च एवं डेवलपमेंट में निवेश बढ़ाने पर ध्यान और देना होगा। इसके अलावा छोटे और मध्यम स्टील निर्माताओं को आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहन देना होगा। भारत के पास बड़ा घरेलू बाजार, मजबूत औद्योगिक आधार और बढ़ती इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरतें हैं। यदि नीतिगत समर्थन, तकनीकी विकास और पर्यावरण अनुकूल उत्पादन पर लगातार ध्यान दिया जाए, तो स्टील उद्योग आने वाले वर्षों में भारत की आर्थिक वृद्धि का एक प्रमुख इंजन बन सकता है।



You may also like

Leave a Comment