बिजऩेस रेमेडीज/झुंझुनू State Bank of India की सीएसआर शाखा, SBI Foundation द्वारा आज झुंझुनू जिले के उदयपुरवाटी ब्लॉक स्थित ग्राम बड़ागांव में अपने प्रमुख ग्रामीण विकास कार्यक्रम ‘SBI Gram Seva’ का शुभारंभ किया गया। यह परियोजना समग्र ग्रामीण विकास की दिशा में एक सशक्त पहल है और इसे अर्पण सेवा संस्थान के सहयोग से कार्यान्वित किया जा रहा है। इस शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह शेखावत, निदेशक, केंद्रीय बोर्ड, State Bank of India थे। उनके साथ संदीप भटनागर, मुख्य महाप्रबंधक, एसबीआई जयपुर सर्कल, संजय प्रकाश, प्रबंध निदेशक, एसबीआई फाउंडेशन और डॉ. शुभ करण सिंह, अध्यक्ष एवं सीईओ, अर्पण सेवा संस्थान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ागांव में ग्राम सेवा केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया गया, जो डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, सामुदायिक सहयोग सेवाएं प्रदान करने एवं ज्ञान साझाकरण के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा। हाँसलसर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को ग्राम सेवा परियोजना के तहत मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है, जहां गणमान्य अतिथियों द्वारा स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला और छात्राओं के लिए कॉमन रूम का उद्घाटन किया गया। यह सुविधाएं ग्रामीण छात्रों की शिक्षा की गुणवत्ता और सीखने के माहौल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्थापित की गई हैं।
कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह शेखावत युवा प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन भी हाँसलसर में किया गया, जिसे परम वीर चक्र विजेता एवं स्थानीय वीर के सम्मान में समर्पित किया गया है। यह केंद्र युवाओं के शारीरिक एवं शैक्षणिक विकास पर केंद्रित है। क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए समारोह के दौरान तीन मोबाइल सेवा वाहनों -‘एसबीआई संजीवनी’ एम्बुलेंस, ‘शालिहोत्र एक्सप्रेस’ पशु चिकित्सा सेवा वाहन और ‘स्वच्छता साथी’ कचरा संग्रहण वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये पहलें स्वास्थ्य सेवा, पशुपालन सहायता और स्वच्छता सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने में सहायक होंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, कि देश का सबसे बड़ा और सबसे पुराना बैंक होने के नाते SBI भारत के विकास पथ का अभिन्न हिस्सा रहा है, और ग्राम सेवा कार्यक्रम हमारी ग्रामीण भारत के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आज शुरू की गई पहलों से गांवों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायता मिलेगी।
संजय प्रकाश, प्रबंध निदेशक, SBI Foundation ने कहा, ‘यह पहल समावेशी ग्रामीण परिवर्तन का एक मॉडल है और विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति में साझेदारी की शक्ति को दर्शाती है।’ संदीप भटनागर, मुख्य महाप्रबंधक, एसबीआई जयपुर मंडल ने बताया कि राजस्थान में एसबीआई की 1400 से अधिक शाखाओं के माध्यम से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों को सेवा प्रदान की जा रही है, और बैंक अपनी जिम्मेदारियों से परे जाकर ग्राम सेवा जैसे सार्थक सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से समुदायों की सेवा कर रहा है। डॉ. शुभ करण सिंह, अध्यक्ष, अर्पण सेवा संस्थान ने एसबीआई फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा, कि ग्राम सेवा कार्यक्रम के शुभारंभ ने बड़ागांवके लोगों के लिए नई ऊर्जा और अवसरों का संचार किया है। हम इस गति को बनाए रखते हुए जमीनी स्तर पर दीर्घकालिक प्रभाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम का समापन सामुदायिक सभा, छात्राओं को छात्रवृत्ति व साइकिल वितरण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

