बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। गुजरात के अहमदाबाद आधारित ‘स्पेशलिटी मेडिसिन्स लिमिटेड’ स्पेशलिटी फार्मास्युटिकल उत्पादों कै मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन का काम करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा अनुसंधान एवं विकास (आर एंड डी) केंद्र की स्थापना, अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में उत्पाद पंजीकरण, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ ऋणों का पूर्ण या आंशिक पुनर्भुगतान/पूर्व भुगतान करने, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 24 मार्च 2026 को होगा बंद।
कारोबारी गतिविधियां: वर्ष 2021 में निगमित स्पेशलिटी मेडिसिन्स लिमिटेड मुख्य रूप से स्पेशलिटी फार्मास्युटिकल्स व्यवसाय पर केंद्रित है एवं विभिन्न प्रकार के स्पेशलिटी फार्मास्युटिकल उत्पादों के विपणन और वितरण का काम करती है। कंपनी ऑन्कोलॉजी, इम्यूनोलॉजी, न्यूरोलॉजी और दुर्लभ बीमारियों सहित विभिन्न चिकित्सीय क्षेत्रों में स्पेशलिटी फार्मास्युटिकल फॉर्मूलेशन की एक व्यापक श्रृंखला प्रदान करती है और जटिल दीर्घकालिक स्थितियों के लिए नवीन समाधान प्रस्तुत करती है। कंपनी जटिल दीर्घकालिक स्थितियों के लिए उच्च लागत वाली स्पेशलिटी फार्मास्युटिकल्स के विपणन और वितरण में विशेषज्ञता रखती है एवं साथ ही यह भारत के 20 से अधिक राज्यों और विश्व स्तर पर 35 से अधिक देशों में अपनी सेवाएं प्रदान करती है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 23.19 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 1.69 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 27.65 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 2.93 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 58.53 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 8.60 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
वित्त वर्ष 2026 की 31 अक्टूबर 2025 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 36.93 करोड़ रुपए का राजस्व और 6.05 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 की 31 अक्टूबर 2025 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 16.49 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘स्पेशलिटी मेडिसिन्स लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 24 मार्च 2026 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 23,50,000 इक्विटी शेयर 117 से 124 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 29 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लोट साइज 1000 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को 2 लोट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी यूनिस्टोन कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

