मुंबई |देश की अग्रणी नॉन-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों में शामिल SMFG India Credit ने गूगल पे के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस समझौते के तहत अब देश भर में गूगल पे के पात्र उपयोगकर्ताओं को कोलेटरल-फ्री पर्सनल लोन की सुविधा सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी का उद्देश्य उन लाखों उपभोक्ताओं तक औपचारिक ऋण सुविधा पहुंचाना है, जिन्हें अब तक पारंपरिक बैंकिंग सेवाओं तक सीमित पहुंच मिल पाती थी।
इस पहल के अंतर्गत गूगल पे ऐप के माध्यम से आवेदन करने वाले योग्य उपयोगकर्ताओं को कुछ ही मिनटों में ऋण स्वीकृति और वितरण की सुविधा मिलेगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल, सुरक्षित, त्वरित और सरल होगी, जिससे उपभोक्ताओं को दस्तावेज़ीकरण और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी। कंपनी के अनुसार यह व्यवस्था विशेष रूप से डिजिटल रूप से सक्रिय युवाओं और छोटे उद्यमियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, जिन्हें तत्काल वित्तीय सहायता की आवश्यकता होती है।
एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट का मानना है कि यह साझेदारी वित्तीय समावेशन को नई गति देगी। देश में अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं जो औपचारिक ऋण प्रणाली से बाहर हैं। डिजिटल माध्यम से ऋण उपलब्ध कराकर कंपनी न केवल अपनी पहुंच का विस्तार कर रही है, बल्कि तकनीक आधारित समाधान के जरिए विश्वसनीय और पारदर्शी ऋण वितरण प्रणाली को भी मजबूत बना रही है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह पहल उसके दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिसमें टेक्नोलॉजी के प्रभावी उपयोग और फिनटेक प्लेटफॉर्म्स के साथ सहयोग के माध्यम से डिजिटल ऋण क्षेत्र में नेतृत्व को सुदृढ़ करना शामिल है। आधुनिक तकनीकी ढांचे के माध्यम से कंपनी अपने ग्राहकों को बेहतर सेवा, तेज स्वीकृति और सुरक्षित लेनदेन का अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
साझेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए एसएमएफजी इंडिया क्रेडिट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी श्री अजय पारीक ने कहा कि कंपनी डिजिटल नवाचार को प्राथमिकता देते हुए अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि गूगल पे के साथ यह सहयोग न केवल कंपनी की पहुंच बढ़ाएगा, बल्कि देश में डिजिटल रूप से समावेशी अर्थव्यवस्था के निर्माण के लक्ष्य को भी समर्थन देगा। उनके अनुसार, टेक्नोलॉजी आधारित समाधान भविष्य की वित्तीय सेवाओं की दिशा तय करेंगे और यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




