मुंबई, 6 फरवरी (आईएएनएस)। वैश्विक बाजारों में बिकवाली के दबाव के बीच शुक्रवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार कमजोर रुख के साथ खुले। सुबह 9:18 बजे सेंसेक्स 78 अंकों की गिरावट के साथ 83,235.55 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 56 अंक फिसलकर 25,586 पर था।
शुरुआती कारोबार में ऑयल एंड गैस, निजी बैंक, एनर्जी और फाइनेंशियल सर्विसेज शेयरों में खरीदारी देखी गई, जबकि आईटी, फार्मा, हेल्थकेयर, मीडिया, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और पीएसई सूचकांकों पर दबाव बना रहा। लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली का माहौल रहा।
निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 315 अंक या 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,201 पर, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 193 अंक या 1.14 प्रतिशत फिसलकर 16,790 पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स पैक में भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, टाइटन और अदाणी पोर्ट्स के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं टीसीएस, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, बीईएल, एशियन पेंट्स, इटरनल, इंडिगो और ट्रेंट के शेयर नुकसान में थे।
निवेशकों की नजरें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसलों पर टिकी हैं, जिनका ऐलान गवर्नर संजय मल्होत्रा शुक्रवार सुबह 10 बजे करेंगे। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, आरबीआई फरवरी एमपीसी बैठक में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रख सकता है। इसके साथ ही जीडीपी और महंगाई के अनुमानों में भी बदलाव की संभावना कम जताई जा रही है। हालांकि, ईयू और अमेरिका के साथ ट्रेड डील के बाद केंद्रीय बैंक की टिप्पणी बाजार के लिए अहम रहेगी। इससे पहले दिसंबर में आरबीआई ने रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की थी।
वैश्विक बाजारों की बात करें तो ज्यादातर एशियाई बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। टोक्यो, शंघाई, सोल और जकार्ता लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि बैंकॉक हरे निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजारों में भी दबाव देखा गया। कॉमेक्स पर सोना करीब एक प्रतिशत और चांदी करीब 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रही थी।

