Wednesday, July 1, 2026 |
Home Share Marketशेयर बाजार लाल निशान में बंद, सेंसेक्स 155 अंक फिसला

शेयर बाजार लाल निशान में बंद, सेंसेक्स 155 अंक फिसला

by Business Remedies
0 comments
Stock Market LIVE Updates showing Sensex down and Nifty below 26150

मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 155.77 अंक या 0.19 प्रतिशत गिरकर 80,641.07 और निफ्टी 81.55 अंक या 0.33 प्रतिशत गिरकर 24,379.60 पर बंद हुआ। इस गिरावट की वजह वैश्विक तनाव को माना जा रहा है। लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में अधिक गिरावट देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,239.90 अंक या 2.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 53,435.85 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 414.75 अंक या 2.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 16,195 पर बंद हुआ। सेक्टोरल आधार पर केवल ऑटो को छोड़कर सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं। पीएसयू बैंक, रियल्टी, एनर्जी, कमोडिटी, पीएसई और फाइनेंशियल सर्विसेज सबसे ज्यादा गिरने वाले इंडेक्स थे। सेंसेक्स पैक में भारती एयरटेल, टाटा स्टील, एमएंडएम, एचयूएल, नेस्ले, मारुति सुजुकी, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टीसीएस, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक गेनर्स थे। इटरनल (जोमैटो), टाटा मोटर्स, एसबीआई, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, सन फार्मा, एशियन पेंट्स, टाइटन और रिलायंस लूजर्स थे। व्यापक बाजार का रुझान नकारात्मक था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर 779 शेयर हरे निशान में और 3,167 शेयर लाल निशान में और 126 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए हैं। एलकेपी सिक्योरिटीज के टेक्निकल एनालिस्ट, वत्सल भुव ने कहा, “निफ्टी के लिए 24,500 एक रुकावट का स्तर है। 24,250-24,200 एक सपोर्ट स्तर है। अगर निफ्टी 24,500-24,200 की रेंज को पार करता है तो इसमें बड़ा मूव देखने को मिल सकता है।” आगे कहा, “आने वाले सत्रों में फेड के ब्याज पर निर्णय का असर भी बाजार में देखने को मिलेगा।” भारतीय शेयर बाजार सपाट खुला था। सुबह 9:32 पर सेंसेक्स 13 अंक की मामूली गिरावट के साथ 80,783 और निफ्टी 3 अंक की बढ़त के साथ 24,467 पर था। एफआईआई ने 5 मई को 497 करोड़ रुपए के इक्विटी निवेश के साथ अपनी खरीदारी का सिलसिला जारी रखा, जबकि डीआईआई मजबूत खरीदार बने रहे, जिन्होंने 2,788 करोड़ रुपये का निवेश किया।



You may also like

Leave a Comment