गुरुग्राम,
सैमसंग ने गुरुवार को भारत में अपनी प्रमुख गैलेक्सी S26 श्रृंखला को पेश करते हुए इसकी प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू करने की घोषणा की। कंपनी के अनुसार इस श्रृंखला की शुरुआती कीमत 87,999 रुपये रखी गई है, जबकि सबसे उन्नत गैलेक्सी S26 अल्ट्रा संस्करण की कीमत 1,89,999 रुपये तक जाती है।
गैलेक्सी S26 श्रृंखला में गैलेक्सी S26, गैलेक्सी एस26 प्लस और गैलेक्सी S26 अल्ट्रा मॉडल शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि यह नई श्रृंखला अब तक का सबसे उन्नत “एजेंटिक AI” मोबाइल अनुभव प्रदान करती है, जिसे दैनिक कार्यों को अधिक सरल और सहज बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इन उपकरणों की सहायता से समय-सारिणी प्रबंधन, जानकारी खोजने, फोटो व वीडियो कैप्चर करने तथा संपादन जैसे कार्य कम प्रयास में किए जा सकेंगे। गैलेक्सी S26 अल्ट्रा के 12 जीबी + 256 जीबी संस्करण की कीमत 1,39,999 रुपये रखी गई है, जबकि 12 जीबी + 512 जीबी मॉडल 1,59,999 रुपये में उपलब्ध होगा। इसका 16 जीबी + 1 टीबी संस्करण 1,89,999 रुपये में आएगा। वहीं गैलेक्सी S26 प्लस का 12 जीबी + 256 जीबी संस्करण 1,19,999 रुपये और 12 जीबी + 512 जीबी मॉडल 1,39,999 रुपये में उपलब्ध रहेगा। गैलेक्सी S26 के 12 जीबी + 256 जीबी संस्करण की कीमत 87,999 रुपये तथा 12 जीबी + 512 जीबी संस्करण की कीमत 1,07,999 रुपये निर्धारित की गई है।
इस श्रृंखला के लिए प्री-ऑर्डर 25 Feb से देशभर के प्रमुख ऑनलाइन और ऑफलाइन खुदरा स्टोर पर शुरू हो चुके हैं। उपभोक्ता कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर सैमसंग लाइव कार्यक्रम के माध्यम से भी बुकिंग कर सकते हैं। रंग विकल्पों की बात करें तो यह स्मार्टफोन कोबाल्ट वायलेट, सफेद, काला और स्काई ब्लू रंग में उपलब्ध होंगे। इसके अतिरिक्त आधिकारिक वेबसाइट पर विशेष रूप से पिंक गोल्ड और सिल्वर शैडो रंग विकल्प भी मिलेंगे। गैलेक्सी S26 अल्ट्रा में कंपनी ने मोबाइल फोन में पहली बार अंतर्निर्मित प्राइवेसी डिस्प्ले देने का दावा किया है। यह सुविधा स्क्रीन को एक निश्चित कोण से देखने पर दृश्यता सीमित करती है, जिससे उपयोगकर्ता का डेटा अधिक सुरक्षित रहता है।
इस उपकरण में गैलेक्सी के लिए अनुकूलित स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 मोबाइल प्लेटफॉर्म प्रोसेसर दिया गया है, जो सीपीयू, जीपीयू और एनपीयू प्रदर्शन में सुधार के साथ बेहतर मल्टीटास्किंग और सशक्त एआई क्षमता प्रदान करता है। अधिक उपयोग के दौरान तापमान नियंत्रित रखने के लिए नए डिजाइन की वाष्प कक्ष प्रणाली और उन्नत तापीय सामग्री का उपयोग किया गया है। कंपनी के अनुसार यह उपकरण सुपर फास्ट चार्जिंग 3.0 को समर्थन देता है, जिससे बैटरी लगभग 30 मिनट में 75 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है। कैमरा व्यवस्था में भी एआई आधारित फोटोग्राफी और वीडियो पर विशेष ध्यान दिया गया है। अल्ट्रा संस्करण में कम रोशनी में बेहतर तस्वीरों के लिए अधिक चौड़े अपर्चर, उन्नत नाइटोग्राफी वीडियो तथा स्थिर रिकॉर्डिंग के लिए बेहतर सुपर स्टेडी फीचर दिए गए हैं।

