बिजऩेस रेमेडीज/जयपर शिक्षा एवं समाज सेवा में अग्रणी श्री S. S. Jain Subodh शिक्षा समिति, जयपुर की नवीन शैक्षणिक संस्था S. S. Jain Subodh Pharmacy College, रामबाग सर्किल, जयपुर का शुभारम्भ मंगलवार को हुआ।
राजस्थान के शैक्षणिक सेवा संस्थानों में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली संस्था श्री सुबोध शिक्षा समिति के द्वारा प्रारम्भ किया गया ये संस्थान स्वास्थ्य संरक्षण, मानव सेवा एवं जन कल्याण की दिशा में किया गया एक उल्लेखनीय प्रयास है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सुबोध शिक्षा समिति के अध्यक्ष नवरत्न कोठारी ने इस अवसर पर कहा कि विद्यार्थियों को अनुशासन एवं शिक्षा से जीवन को सफल बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं प्रशिक्षण लेकर चिकित्सा के क्षेत्र में नवाचार करने पर बल दिया। उन्होंने सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की भावना पर बल दिया। इस अवसर पर समिति के मानद् मंत्री सुमेर सिंह बोथरा ने सुबोध शिक्षण संस्थाओं के उत्तरोत्तर की जानकारी प्रदान की। समिति के उपाध्यक्ष आर.सी. जैन ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थी निरंतर अध्ययन एवं प्रयोग करके नित नए आयाम स्थापित करें। समिति के संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष विनोद लोढ़ा ने कहा कि यह सुबोध की 21वीं संस्था है सुबोध शिक्षा समिति सदैव अकादमिक उत्थान हेतु अग्रसर रहती है एवं उन्होंने समिति आगामी योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सुबोध पी.जी. कॉलेज की प्राचार्या एवं Pharmacy College की निदेशिका प्रो. रेणु जोशी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह अत्यन्त गर्व का विषय है कि यह सुबोध शिक्षा समिति की 21वीं संस्था है। इसका उद्देश्य चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, स्वास्थ्य सेवा एवं मानव कल्याण के लिए उत्कृष्ट विद्यार्थी तैयार करना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में फार्मेसी की शिक्षा रीढ़ की हड्डी है। उन्होंने डी. फार्मेसी पाठ्यक्रम का महत्व बतलाया और उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में सुबोध शिक्षा समिति के सम्माननीय कार्यकारिणी सदस्य भी सम्मिलित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सुबोध कॉलेज के संयोजक वी.सी. डागा ने सभी आगंतुकों का आभार जताया।

