बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। फुटवियर होलसेलर विकास समिति जयपुर की गोठ एवं चुनाव सीकर रोड स्थित एक रिसॉर्ट में सम्पन्न हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों का शॉल व साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। सहयोगी चुनाव अधिकारी नानकराम थावानी ने बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी समाजसेवी छबलदास नवलानी ने प्राप्त नामांकन पत्रों का अध्ययन कर घोषणा की। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए राजकुमार आसवानी, महासचिव पद के लिए जगदीश गोहरानी व कोषाध्यक्ष पद के लिए नरेश लालवानी ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। थावानी ने उपस्थित सभी सम्माननीय सदस्यों को पंद्रह मिनट का समय देकर कहा कि कोई सदस्य किसी पद के लिए आवेदन करना चाहे तो मंच पर पधारे। इसके बाद नवलानी ने तीनों पद के नामों की घोषणा की तो उपस्थित सदस्यों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। निरंतर चौथी बार निर्विरोध अध्यक्ष बने राजकुमार आसवानी ने पूर्व कार्यकारिणी में तीन सदस्यों को शामिल कर पदाधिकारियों को दुपट्टा ओढक़र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष राजकुमार आसवानी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य चुनाव अधिकारी समाजसेवी छबलदास नवलानी और सहयोगी चुनाव अधिकारी नानकराम थावानी, राजस्थान फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शिखरचंद बैराठी, राजस्थान फुटवियर होलसेलर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिकिशन चांदवानी सहित रमेश हरपालानी, चेतन राजवानी उपस्थित रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार आत्मा सिंह ने सभा समापन की घोषणा कर उपस्थित सदस्यों को दाल-बाटी चूरमें का भोजन प्रसादी गृहण करने का निवेदन करते हुए पधारे हुए समस्त सम्माननीय जन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पूल में स्नान किया।

