Monday, July 6, 2026 |
Home Business and Economyराजस्थान में हर दिन 700 नए उपभोक्ता!

राजस्थान में हर दिन 700 नए उपभोक्ता!

1.44 लाख का बिजली बिल शून्य रूफटॉप सोलर में राजस्थान तीसरे स्थान पर पीएम सूर्यघर योजना से तेजी

by Business Remedies
0 comments

जयपुर | बिजनेस रेमेडीज |  राजस्थान में सौर ऊर्जा को लेकर सकारात्मक रुख सामने आ रहा है। राज्य में रूफटॉप सोलर सिस्टम को लेकर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर अब आंकड़ों में भी साफ दिखाई दे रहा है। सीएम Bhajanlal Sharma के नेतृत्व और ऊर्जा मंत्री Hiralal Nagar के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

प्रदेश में अब तक घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणियों में कुल 2.45 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन संयंत्रों की बदौलत करीब 1.44 लाख उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो चुका है। यह न केवल उपभोक्ताओं के लिए आर्थिक राहत है, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है, जहां कुल स्थापित क्षमता 2090 मेगावाट है। वहीं Gujarat और Maharashtra पहले और दूसरे स्थान पर हैं। खास बात यह है कि प्रदेश में करीब 32 हजार उपभोक्ताओं ने 10 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर सिस्टम लगाए हैं।

प्रदेश में बड़ी संख्या में लगे संयंत्र

पीएम सूर्यघर योजना इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह बनकर उभरी है। इस योजना के तहत अब तक 1.77 लाख से अधिक संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इनकी कुल क्षमता 686 मेगावाट है। हर दिन औसतन 700 नए उपभोक्ता सौर ऊर्जा से जुड़ रहे हैं। मार्च 2026 में 20 हजार से अधिक इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए, जो एक महीने में दूसरी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी

सरकार की ओर से दी जा रही 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी और 150 यूनिट योजना के तहत अतिरिक्त 17 हजार रुपए की सहायता भी लोगों को सोलर अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। अब तक 1185 करोड़ रुपए की सब्सिडी सीधे उपभोक्ताओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।

आसान लोन की सुविधा

साथ ही बैंकों द्वारा 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर आसान लोन की सुविधा और 1900 से अधिक रजिस्टर्ड वेंडर्स की उपलब्धता ने प्रक्रिया को और सरल बना दिया है। डिस्कॉम्स द्वारा प्रक्रियाओं को आसान करने और जागरूकता अभियान चलाने से सोलर इंस्टॉलेशन की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। राजस्थान में सौर ऊर्जा का यह बढ़ता कदम न सिर्फ बिजली बिल कम कर रहा है, बल्कि राज्य को स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा की दिशा में भी आगे बढ़ा रहा है।

  • हम सरकार व डिस्कॉम को इसके लिए बधाई देना चाहेंगे। इनकी अथक मेहनत व सोलर में जितने लोग काम कर रहे हैं, उनकी मेहनत अब रंग ला रही है। हम लोगों ने इसके लिए बहुत सारे जागरूकता अभियान चलाए। आज इसका नतीजा है कि राजस्थान के जो हाउस होल्ड हैं। वे अब सोलर की महत्वत्ता को समझ रहे हैं और वे अपनी एनर्जी इंडिपेंडेंसी को मजबूत करते हुए अपने बिजली बिलों को शून्य करते जा रहे हैं। यह एक बहुत अच्छा कदम है।
  • Nitin Agrawal, CEO, Rajasthan Solar Association
  • वर्तमान में सोलर कनेक्शन लगातार बढ़ रहे हैं। सोलर लगाने का आजकल काफी स्मूथ प्रोसेस हो गया है। डिस्कॉम ने भी प्रोसेस के अंदर काफी बदलाव किए हैं। इस कारण प्रदेश में सोलर के काफी उपभोक्ता बढ़ रहे हैं। इस कार्य की सराहना की जानी चाहिए। साथ ही प्रदेश में जितने सोलर उपभोक्ता बढ़ेंगे, उतना फायदा होगा।
  • Prateek Agrawal, Managing Director, Solar 91 Cleantech Limited


You may also like

Leave a Comment