नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक ने वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। बैंक ने इस अवधि में लाभ, जमा और ऋण वृद्धि के साथ-साथ डिजिटल क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
बैंक का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में 14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4904 करोड़ रुपये रहा। वहीं, परिचालन लाभ इस तिमाही में 7227 करोड़ रुपये और पहली छमाही में 14308 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। बैंक की कुल आय 36214 करोड़ रुपये रही, जो साल-दर-साल आधार पर 5.1 प्रतिशत अधिक है।
जमा और अग्रिमों में बढ़ोतरी
बैंक की बचत जमाराशियाँ 4.2 प्रतिशत बढ़कर 508964 करोड़ रुपये और चालू जमाराशियाँ 9 प्रतिशत बढ़कर 74215 करोड़ रुपये हो गईं। कुल कासा जमा 4.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 583178 करोड़ रुपये रही। सितंबर 2025 तक बैंक का कासा अनुपात 37.29 प्रतिशत रहा।
वहीं, कुल सावधि जमा में 14.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई जो 1033902 करोड़ रुपये तक पहुँची।
खुदरा ऋण 8.8 प्रतिशत बढ़कर 272210 करोड़ रुपये रहा, जबकि कोर रिटेल अग्रिम में 18.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसमें आवास ऋण 12.9 प्रतिशत, वाहन ऋण 30.9 प्रतिशत, कृषि ऋण 13 प्रतिशत और एमएसएमई ऋण 18.6 प्रतिशत बढ़े।
संपत्ति गुणवत्ता में सुधार
बैंक की सकल गैर निष्पादित परिसंपत्तियाँ सितंबर 2024 के 47582 करोड़ रुपये से घटकर सितंबर 2025 में 40343 करोड़ रुपये रह गईं। इसी अवधि में शुद्ध एनपीए 4674 करोड़ रुपये से घटकर 4026 करोड़ रुपये हो गया।
पूंजी पर्याप्तता और दक्षता
बैंक की सीआरएआर सितंबर 2024 के 16.36 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर 2025 में 17.19 प्रतिशत हो गई।
परिसंपत्तियों पर प्रतिफल 1.02 प्रतिशत से बढ़कर 1.05 प्रतिशत और इक्विटी पर प्रतिफल 17.95 प्रतिशत रहा।
प्रति कर्मचारी कारोबार 25.26 करोड़ रुपये से बढ़कर 27.62 करोड़ रुपये और प्रति शाखा कारोबार 263.06 करोड़ रुपये पहुँच गया।
डिजिटल क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन
डिजिटल लेनदेन में बैंक ने उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में डिजिटल लेनदेन 313 करोड़ तक पहुँचे, जो साल-दर-साल आधार पर 31 प्रतिशत की वृद्धि है।
व्हाट्सएप बैंकिंग उपयोगकर्ता 92 प्रतिशत बढ़कर 83.4 लाख हो गए। पीएनबी वन के माध्यम से यूपीआई लेनदेन 53 प्रतिशत बढ़कर 110 लाख तक पहुँच गए।
बैंक ने इस अवधि में एआई आधारित चैटबॉट राही, फेस ऑथेंटिकेशन यूपीआई पिन सुविधा और पीहू चैटबॉट पर नई सेवाएँ जैसी कई डिजिटल पहलें शुरू कीं।
शाखा नेटवर्क और वित्तीय समावेशन
30 सितंबर 2025 तक बैंक की 10228 घरेलू शाखाएँ और 2 अंतरराष्ट्रीय शाखाएँ हैं। इनमें से 63 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में हैं। बैंक के पास 11187 एटीएम और 32278 बैंकिंग प्रतिनिधि के साथ कुल 53693 टच पॉइंट हैं।
वित्तीय समावेशन के तहत पीएमजेडीवाई खातों की संख्या 526 लाख से बढ़कर 551 लाख हो गई। पीएमजेजेबीवाई, पीएमएसबीवाई और अटल पेंशन योजना में नामांकन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
पुरस्कार और सम्मान
पीएनबी को वर्ष 2025 में कई पुरस्कार मिले।
स्कॉच अवार्ड्स में पीएनबी वन बिज ऐप के लिए रजत पुरस्कार मिला।
एशिया पैसिफिक एचआरएम कांग्रेस अवार्ड्स में हैप्पी एम्प्लॉयर ब्रांड का सम्मान प्राप्त हुआ।
आईसीसी इमर्जिंग एशिया बैंकिंग अवार्ड्स 2025 में एआई एमएल कार्यान्वयन के लिए सर्वश्रेष्ठ बैंक का पुरस्कार मिला।
साथ ही यूआईडीएआई ने आधार प्रमाणीकरण में उत्कृष्ट योगदान के लिए बैंक को सम्मानित किया।

