जयपुर | बिजनेस रेमेडीज | रिटेल क्षेत्र पर ध्यान देने वाली प्रमुख एनबीएफसी कंपनी पिरामल फाइनेंस लिमिटेड ने अपनी प्रगति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए, कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) में 1 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की घोषणा की है। यह उपलब्धि भारत के क्षेत्रीय और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में, खासकर राजस्थान में, कंपनी की मजबूत वृद्धि और अच्छे प्रदर्शन को दर्शाती है।
राजस्थान, पिरामल फाइनेंस के प्रमुख बाजारों में से एक बना हुआ है, जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा और अजमेर सहित प्रमुख शहरों में 44 शाखाओं, द्वारा समर्थित एक मजबूत ऋण पोर्टफोलियो मौजूद है।जहां कंपनी ने मजबूत लोन व्यवसाय खड़ा किया है। राजस्थान में बिजनेस लोन और होम लोन की मांग लगातार बढ़ रही है, जो उभरते शहरों और कस्बों के विकास के कारण बढ़ रही है।
जयराम श्रीधरन, एमडी और सीईओ, पिरामल फाइनेंस लिमिटेड ने कहा, “1 लाख करोड़ रुपये का एयूएम पार करना हमारे ग्राहकों के विश्वास को दिखाता है। खासकर अर्ध-शहरी और तेजी से बढ़ते बाजारों में हमें अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। राजस्थान हमारे लिए अभी भी एक महत्वपूर्ण बाजार है, क्योंकि मेट्रो शहरों के अलावा अन्य शहरों में भी लोन की मांग बढ़ रही है। जैसे-जैसे हम आगे विस्तार करेंगे, हमारा ध्यान तकनीक और डेटा-आधारित लोन प्रक्रिया के जरिए पूरे भारत में जिम्मेदारी से लोन सुविधा उपलब्ध कराने पर बना रहेगा।”
पिछले चार सालों में पिरामल फाइनेंस ने अपने नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया है। वित्त वर्ष 2021 में कंपनी की 20 से भी कम शाखाएं थीं, वहीं अब यह बढ़कर 26 राज्यों के 460 शहरों में 650 से अधिक शाखाओं तक पहुंच गई हैं। यह विस्तार मुख्य रूप से टियर 2 और टियर 3 शहरों के साथ-साथ राजस्थान के कई जिलों में हुआ है। आने वाले कुछ सालों में कंपनी का लक्ष्य देशभर में 1,000 स्थानों तक पहुंचने का है, जिसमें क्षेत्रीय और उभरते बाजारों पर खास ध्यान दिया जाएगा।
पिरामल फाइनेंस लिमिटेडने अब वित्त वर्ष 2028 तक 1.5 लाख करोड़ रुपये का एयूएम हासिल करने का लक्ष्य रखा है, जो उनके रिटेल लोन व्यवसाय की लगातार बढ़ती मांग से संभव होगा। वित्त वर्ष 2027 की योजना के अनुसार, कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में लोन सेवाएं और गोल्ड लोन शुरू करने की योजना बना रही है, जिससे कम सेवाओं वाले क्षेत्रों में कंपनी की पहुंच और मजबूत होगी।
पिछले 4 सालों में कंपनी का रिटेल लोन कारोबार लगभग 4 गुना बढ़ गया है, जिससे कंपनी देश की सबसे तेजी से बढ़ने वाली एनबीएफसी में शामिल हो गई है। इस दौरान कंपनी के प्रोडक्ट्स में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2020 में कंपनी के पास सिर्फ 2 प्रोडक्ट थे, लेकिन अब यह बढ़कर लगभग 20 प्रोडक्ट हो गए हैं। इनमें होम लोन, प्रॉपर्टी पर लोन, छोटे व्यवसाय के लिए लोन, डिजिटल पर्सनल लोन और पुरानी सेकेंड-हैंड वाहनों के लिए फ़ाइनेंस जैसी सुविधाएं शामिल हैं।




