बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। त्योहारी सीजन से पहले सरकार आम आदमी को राहत दे सकती हैं। लगातार सस्ते हो रहे कच्चे तेल के दामों को देखते हुए सरकार पेट्रोल-डीजर के दाम में कमी कर सकती है। इस कारण त्योहारी सीजन में आमजन की खुशियां दोगुनी हो सकती हैं। इंतजार है बस सरकार के इशारे का।
गौरतलब है कि ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल के दामों बीते एक साल में करीब 25 फीसदी की कमी आई है। इसी कारण सरकारी तेल कंपनियों दामों में कटौती कर सकती हैं। जानकारी के अनुसार, सरकार पेट्रोल-डीजल के दामों में दो से तीन रुपए की कमी कर सकती है।
क्रूड ऑयल सस्ता, इसीलिए घटेंगे दाम!: दुनिया के बड़े तेल उत्पादक देशों जैसे सऊदी अरब की ओर से सप्लाई बढऩे के बाद ग्लोबल मार्केट में क्रूड के भाव 24 से 33 फीसदी तक नीचे आ गए हैं। इससे कंपनियों को तेल खरीदने में काफी बचत भी हो रही है। ब्रेंट क्रूड भी 72 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है, जिसका फायदा अब आम आदमी को देने की तैयारी चल रही है।
दामों आ सकती है इतने रुपए की कमी: वैसे तो पेट्रोल और डीजल के दाम में बदलाव करने की छूट तेल कंपनियों को रहती है, लेकिन यह राजनीतिक रूप से काफी सेंसिटिव होने की वजह से कंपनियां भी सरकार के इशारे का इंतजार करती हैं। यही वजह है कि इस बार भी कंपनियों ने अपने सारे डॉक्यूमेंट सरकार को भेज दिए हैं और अब सरकार के इशारे का इंतजार कर रही हैं। अनुमान है कि इस बार पेट्रोल और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर तक घटाए जा सकते हैं।
सालभर में इतना टूटा कच्चा तेल: आम आदमी के लिए तेल सस्ता करने की उम्मीद इसलिए जागी है, क्योंकि बीते एक साल में क्रूड के भाव काफी नीचे आ गए हैं। सितंबर, 2023 में जहां ब्रेंट क्रूड का भाव 96.5 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं 2024 में यह 25.38 फीसदी टूटकर 72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। इसी अनुपात में भारत का कच्चा तेल खरीदने का भाव भी पिछले साल के 93.54 डॉलर से 21.12 फीसदी टूटकर 73.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।
बीते वर्ष में सिर्फ दो फीसदी सस्ता हुए: पेट्रोल और डीजल के बेंचमार्क रेट और घरेलू रेट के आंकड़े देखें तो पता चलता है कि देश में तेल कंपनियों ने बीते एक साल में सिर्फ 2 फीसदी कीमत ही घटाई है, जबकि इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल का बेंच मार्केट रेट 25 फीसदी तो डीजल का 33.4 फीसदी नीचे आया है। इसी कारण आम आदमी को दीपावली से पहले सस्ते पेट्रोल-डीजल का तोहफा दिया जा सकता है।
यह तो जनता का हक है कि उन्हें पेट्रोल-डीजल सस्ते दामों पर मिले। सरकार तेज कंपनियां जो बॉयो डीजल व एथेनॉल मिला रहे हैं, उसका फायदा भी आम जनता को दिया जाना चाहिए। पेट्रोल-डीजल सस्ता होने से आम आदमी को महंगाई से राहत मिलेगी। आमजन का जो बजट डगमगाता है, वह डगमगाएगा नहीं। वैसे आमजन को यह राहत सरकार को काफी पहले देनी चाहिए। सरकारी तेल कंपनियां काफी समय से फायदा उठा रही हैं, जबकि यह राहत आम लोगों को काफी पहले दी जानी चाहिए थी।
– राजेंद्र सिंह भाटी, अध्यक्ष, राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन




