Monday, July 6, 2026 |
Home Breaking Newsनायरा एनर्जी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम

नायरा एनर्जी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम

पेट्रोल 5.30 रुपए तो डीजल 3 रुपए प्रति लीटर किया महंगा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच युद्ध का असर अब भारत में दिखने लगा है। एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ाने के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। भारत की बड़ी प्राइवेट फ्यूल कंपनी Nayara Energy ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। इस ऐलान के साथ Nayara Energy उन शुरुआती कंपनियों में शामिल हो गई है, जिन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी करके वैश्विक कू्रड ऑयल की बढ़ती कीमतों का असर सीधे ग्राहकों तक पहुंचाया है। कंपनी ने भारत में पेट्रोल की कीमत 5.30 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दी है। नायरा के देशभर में करीब 7 हजार पेट्रोल पंप है। Nayara Energy की ओर से की गई यह बढ़ोतरी अलग-अलग राज्यों में वहां के स्थानीय टैक्स और वैट के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है।

सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बढ़ाए हैं दाम

सरकारी तेल कंपनियां जैसे IOCL, HP और BP ने दाम नहीं बढ़ाए हैं। केंद्र सरकार ने गतदिवस कहा था कि हमारे पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। देश में किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं है। इसलिए कीमतों में बढ़ोतरी नहीं होगी। ये सरकारी कंपनियां देश के लगभग 90 प्रतिशत फ्यूल रिटेल मार्केट को नियंत्रित करती हैं और अप्रैल, 2022 से कीमतें लगभग स्थिर बनी हुई हैं। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर है और करीब 88 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आता है। इसमें से बड़ी मात्रा Hormuz Strait के रास्ते आती है, जो इस समय तनाव के कारण प्रभावित हो रहा है।

रिफाइनरी 35 दिन के लिए रहेगी बंद

रूस की दिग्गज कंपनी Rosneft समर्थित Nayara Energy अप्रैल की शुरुआत से लगभग 35 दिनों के लिए अपना परिचालन बंद करने वाली है। इसकी क्षमता सालाना 20 मिलियन टन है। इसके बंद होने से भारत की कुल रिफाइनिंग क्षमता में लगभग 8 फीसदी की कमी आएगी। कंपनी के अनुसार मेंटेनेंस के कारण यह रिफाइनरी 35 दिन बंद रहेगी। Nayara Energy के देशभर में काफी पेट्रोल पंप हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में यहां ईंधन की कमी देखी जा सकती है।

क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचा

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर 28 फरवरी को किए गए सैन्य हमलों के बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कू्रड ऑयल की कीमतें करीब 50 फीसदी तक बढ़ गई हैं। ब्रैंड क्रूड की कीमतें 70 डॉलर से बढक़र 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गई हैं।

अनिश्चितता से निवेशक भी चिंतित

वैश्विक बाजार ईरान संकट के बढ़ते प्रभाव को लेकर सतर्क होते जा रहे हैं। भू-राजनीतिक तनाव अब ऊर्जा कीमतों, बॉन्ड यील्ड और मुद्रा बाजारों पर असर डालने लगा है। अमेरिका की ओर से तनाव कम होने के कुछ संकेत जरूर मिल रहे हैं। पर ईरान की प्रतिक्रिया को लेकर अनिश्चितता अभी भी निवेशकों को चिंतित बनाए हुए है।



You may also like

Leave a Comment