Tuesday, July 7, 2026 |
Home AutomobileMercedes दो चरणों में अपने मॉडलों के दाम तीन प्रतिशत तक बढ़ाएगी

Mercedes दो चरणों में अपने मॉडलों के दाम तीन प्रतिशत तक बढ़ाएगी

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। लक्जरी वाहन कंपनी मर्सिडीज-बेंज इंडिया इस साल दो चरणों में अपने मॉडलों की शोरूम कीमतों में 90,000 रुपये से लेकर 12.2 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी विदेशी मुद्रा विनिमय की दरों में उतार-चढ़ाव के प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए कीमतों में यह बढ़ोतरी करने जा रही है। जून और सितंबर में होने वाली मूल्य वृद्धि के बाद मर्सिडीज के सी-क्लास मॉडल की कीमत में 90,000 रुपये की वृद्धि होगी जबकि मर्सिडीज- मेबैक एस 680 मॉडल के दाम 12.2 लाख रुपये तक बढ़ जाएंगे। मर्सिडीज ने इस साल एक जून से इस मॉडल की कीमतों में लगभग एक-दो प्रतिशत और एक सितंबर से 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की योजना बनाई है।

मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी संतोष अय्यर ने बताया कि दो चरण में होने वाली मूल्य वृद्धि खरीदारों पर वित्तीय प्रभाव को कम करने के लिए की जाएगी। दो चरणों में कुल मिलाकर करीब तीन प्रतिशत दाम बढ़ाने की योजना है। उन्होंने कहा, “पिछले चार महीनों में बाजार में रुपये का मूल्य कम हुआ है। यूरो की तुलना में भारतीय रुपये की विनिमय दर में 10 प्रतिशत की गिरावट आई है, जिससे हमारे व्यावसायिक परिचालन पर लागत का काफी दबाव पड़ा है।” उन्होंने कहा कि यूरो-रुपया दर में भारी उतार-चढ़ाव का कलपुर्जों और तैयार कार, दोनों के लिए आयात की लागत पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। ऑडी इंडिया ने विनिमय दर और विनिर्माण लागत के प्रभाव को संतुलित करने के लिए 15 मई से कीमतों में दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा पहले ही की हुई है। बीएमडब्ल्यू ने भी इस साल एक अप्रैल से बीएमडब्ल्यू और मिनी शृंखला के मॉडलों की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। इसने इस साल जनवरी में भी इसी तरह की कीमतों में बढ़ोतरी की थी।



You may also like

Leave a Comment