बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर जयपुर स्थित Manipal University jaipur (MUJ) के एक युवा शोधकर्ता ने दवा-प्रतिरोधी बीमारियों और Cancer के उपचार के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। डॉ. अमन कुमार और उनकी टीम द्वारा कोऑर्डिनेशन केमिस्ट्री रिव्यूज (इम्पैक्ट फैक्टर: 20.3) में प्रकाशित एक हालिया समीक्षा लेख में ट्राइज़ोल-आधारित मेटल कॉम्प्लेक्सेस की बहुपक्षीय BioMedical संभावनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
‘रीसेंट एंडवांसमेंट इन द मल्टीफेसेटेड बायोमेडिकल एफिकैसी ऑफ ट्राइज़ोल बेस्ड मेटल कॉम्प्लेक्सेस’ शीर्षक से प्रकाशित इस शोध ने दिखाया है कि ये विशेष यौगिक दवा-प्रतिरोधी संक्रमणों से लेकर विभिन्न प्रकार के कैंसर तक, कई जटिल बीमारियों के खिलाफ प्रभावी साबित हो सकते हैं। इस समीक्षा में बताया गया है कि मेटल आयनों को ट्राइज़ोल यौगिकों के साथ मिलाने से दवाओं की स्थिरता, लक्ष्य-विशिष्टता और जैविक सक्रियता में उल्लेखनीय सुधार होता है। इसके संभावित चिकित्सकीय उपयोगों में एंटी-कैंसर, एंटी-डायबिटिक, एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-एचआईवी और एंटी-मलेरियल थैरेपी शामिल हैं।
मुख्य लेखक डॉ. अमन कुमार ने कहा कि दवा प्रतिरोध आज दुनिया भर में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे बड़ी चुनौती है। हमारा अध्ययन यह दिखाता है कि ट्राइज़ोल-आधारित मेटल कॉम्प्लेक्सेस के माध्यम से सुरक्षित, प्रभावशाली और नई उपचार विधियों की संभावनाएँ खोजी जा सकती हैं। यह समीक्षा न केवल मौजूदा शोधों का समेकन करती है, बल्कि स्ट्रक्चर-एक्टिविटी रिलेशनशिप (SAR) अध्ययन, मॉलिक्यूलर डॉकिंग विश्लेषण और भविष्य की शोध दिशा के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक मार्गदर्शन भी प्रदान करती है। इस महत्वपूर्ण प्रकाशन ने डॉ. कुमार और उनकी टीम को मेटालोफार्मास्यूटिकल्स के क्षेत्र में अग्रणी शोधकर्ताओं की श्रेणी में शामिल कर दिया है।

