Wednesday, November 25, 2026 |
Home Educationछह साल के गैप के बाद रोशनी ने पास की 10वीं, अब खाकी पहनकर देश की सेवा का है सपना

छह साल के गैप के बाद रोशनी ने पास की 10वीं, अब खाकी पहनकर देश की सेवा का है सपना

by Business Remedies
0 comments

 

सिरोही (राजस्थान), नवम्बर, 2026: शिक्षा में छह साल का लंबा गैप भी 20 वर्षीय रोशनी कुमारी के हौंसले पस्त नहीं कर पाया। पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते 9वीं के बाद पढ़ाई छोड़ने वाली रोशनी ने ओपन स्कूल (आरएसओएस) से 10वीं की परीक्षा 72 प्रतिशत अंकों के साथ पास कर शानदार वापसी की है। ‘प्रगति कार्यक्रम’ के सहयोग से मिली इस कामयाबी के बाद, अब यह किसान की बेटी पुलिस विभाग में भर्ती होकर देश सेवा की तैयारी कर रही है।

घरेलू जिम्मेदारियों के कारण थम गई थी पढ़ाई
रोशनी आठ सदस्यों वाले एक साधारण किसान परिवार से आती हैं। पिता खेती करते हैं और माँ परिवार के भरण-पोषण के लिए गाँव और आसपास के इलाकों में सब्जियाँ बेचती हैं। वर्ष 2019 में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से 9वीं कक्षा पास करने के बाद रोशनी की बड़ी बहन की शादी हो गई। माँ के काम पर जाने के कारण छोटी बहनों की देखभाल, खाना बनाने और घर के अन्य कामों की पूरी जिम्मेदारी रोशनी के कंधों पर आ गई। हालात ऐसे बने कि उन्हें बीच में ही स्कूल छोड़ना पड़ा। इस दौरान उन्होंने परिवार की आर्थिक मदद के लिए सिलाई भी सीखी, लेकिन मन में पढ़ाई की ललक हमेशा जिंदा रही।

‘प्रगति शिविर’ और परिवार के साथ ने बदली तस्वीर
वर्ष 2025 में एजुकेट गर्ल्स की ‘प्रेरक दीदी’ ने रोशनी के घर पहुँचकर उन्हें प्रगति कार्यक्रम और ओपन स्कूल के माध्यम से दोबारा पढ़ाई शुरू करने के लिए प्रेरित किया। छह साल बाद किताबें उठाना आसान नहीं था, लेकिन प्रगति शिक्षण शिविर में नियमित होने वाली 10 अंकों की ‘परख’ परीक्षाओं में लगातार 8 से 9 अंक लाने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया।

इस सफर में रोशनी के परिवार ने भी मिसाल पेश की। उनकी भाभी ने घर के कामों में हाथ बँटाया, ताकि रोशनी को पढ़ने का समय मिल सके। रोशनी रोज सुबह 4 बजे उठकर दो घंटे पढ़ाई करतीं और फिर घर के काम निपटातीं। परीक्षा के दिनों में भाई उन्हें केंद्र तक छोड़ने जाता था। 70 प्रतिशत अंकों का लक्ष्य लेकर चलीं रोशनी ने 72 प्रतिशत अंक हासिल कर सबको गौरवान्वित कर दिया।

रोशनी का कहती हैं कि पढ़ाई चाहे पाँच, छह या सात साल पहले ही क्यों न छूट गई हो, दोबारा शुरुआत करने के लिए कभी देर नहीं होती। सही मार्गदर्शन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ शिक्षा की राह पर कदम बढ़ाया जाए, तो हर सपना पूरा हो सकता है।

प्रगति: दूसरा मौका, नई उड़ान
एजुकेट गर्ल्स का ‘प्रगति’ कार्यक्रम एक ‘सेकंड चांस’ प्रोग्राम है। यह कार्यक्रम उन किशोरियों और युवतियों (14 से 29 वर्ष) को शिक्षा का दूसरा मौका देता है, जिनकी पढ़ाई किसी कारण से बीच में छूट गई थी। ओपन स्कूलिंग के माध्यम से यह कार्यक्रम उन्हें कक्षा 10 की परीक्षा देने और उसे पास करने में मदद करता है। गाँवों में ही लगाए जाने वाले ‘प्रगति शिविरों’ में प्रशिक्षित स्वयंसेवक और शिक्षक पढ़ाई में साथ देते हैं। इसके साथ ही जीवन कौशल, आत्मविश्वास और फैसले लेने की क्षमता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाता है। यह कार्यक्रम राज्य ओपन स्कूलों के सहयोग से चलाया जा रहा है। एजुकेट गर्ल्स का लक्ष्य अगले दस वर्षों में एक करोड़ लड़कियों और महिलाओं को कक्षा 10 तक पहुंचाना है, ताकि वे आगे की पढ़ाई, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकें।



You may also like

Leave a Comment