Wednesday, September 16, 2026 |
Home AutomobileMahindra Tractors ने 40 लाख ट्रैक्टर की डिलीवरी और अपनी विरासत के 60 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘देश का ट्रैक्टर’ लॉन्च कर Indian farmers को सम्मानित किया

Mahindra Tractors ने 40 लाख ट्रैक्टर की डिलीवरी और अपनी विरासत के 60 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘देश का ट्रैक्टर’ लॉन्च कर Indian farmers को सम्मानित किया

by Business Remedies
0 comments
Mahindra Tractors honors Indian farmers by launching ‘Desh Ka Tractor’ to celebrate delivery of 40 lakh tractors and completion of 60 years of its legacy

बिजनेस रेमेडीज/मुंबई । देश के नंबर वन ट्रैक्टर ब्रांड और महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (एमएंडएम) में कृषि उपकरण क्षेत्र की इकाई महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने आज एक विशेष कैम्पेन ‘देश का ट्रैक्टर – मिट्टी से जुड़ा, जुनून से सजा’ लॉन्च किया। यह कैम्पेन महिंद्रा ट्रैक्टर के 60 साल पूरे होने और 1963 से अब तक 40 लाख ट्रैक्टर यूनिट की बिक्री का जश्न मनाते हुए लॉन्च किया गया है। यह कैम्पेन भारतीय कृषक समुदाय के सम्मान में एक अनूठी पहल है।

देश के परिश्रमी कृषक समुदाय के योगदान को याद करते हुए महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने एक आदमकद ट्रैक्टर-थीम वाली मूर्ति प्रदर्शित की, जो कृषक समुदाय की दृढ़ता की भावना को दर्शाती है। यह मूर्ति महिंद्रा के प्रसिद्ध ‘युवो टेक प्लस’ ट्रैक्टर के डिजाइन से प्रेरित है। अभिनव और कल्पनाशील, यह मूर्ति भारतीय खेती की विविधता को दर्शाती है और देश भर के 4000 से अधिक खेतों से एकत्रित विभिन्न मिट्टियों के मिश्रण से तैयार की गई है, जो महिंद्रा और भारतीय किसानों के बीच मौजूद मजबूत बंधन को दर्शाती है।

‘मिट्टी से जुड़ा जुनून से सजा’ कैम्पेन का सार, महिंद्रा ट्रैक्टर्स की भावना को दर्शाता है जो जमीन से जुड़े कृषि समाधान तैयार करता है। ये ऐसे सॉल्यूशंस हैं, जिनकी सहायता से सभी प्रकार के इलाकों में कुशलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से काम किया जा सकता है। यह पिछले 60 वर्षों और उससे भी अधिक समय से भारत और दुनिया भर में खेती को बदलने और जीवन को समृद्ध बनाने के महिंद्रा के ‘जुनून’ का प्रतीक है।

कंपनी के नागपुर विनिर्माण सुविधा में आयोजित एक समारोह में आज महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म डिवीजन के सीईओ श्री विक्रम वाघ की उपस्थिति में मूर्ति का अनावरण किया गया।

श्री वाघ ने इस पहल को लॉन्च करने के महत्व की चर्चा करते हुए कहा, ‘‘आज हम 60 वर्षों में 40 लाख ग्राहकों की सेवा करने की इस उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं और इस अवसर पर हम किसानों के भरोसे के प्रति आभार जाहिर करना चाहते हैं, जिसने हमें यह उपलब्धि हासिल करने में सक्षम बनाया है। इसने हमें ‘देश का ट्रैक्टर’ बनाने के लिए प्रेरित किया है, जो महिंद्रा ट्रैक्टर्स और मेहनती, अथक और साहसी भारतीय किसान के बीच मजबूत बंधन को दर्शाता है। मैं उन सभी का दिल से आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने हमें इस उपलब्धि तक पहुंचने में मदद की।’’

60 वर्षों में, महिंद्रा ने 390 से अधिक ट्रैक्टर मॉडलों की विविध रेंज को शामिल करने के लिए अपने ट्रैक्टर ऑफरिंग को व्यापक बनाया है। इस अवधि के दौरान, महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने पूरे भारत में 1200 से अधिक डीलर भागीदारों का एक मजबूत नेटवर्क भी स्थापित किया है। महिंद्रा के लिए ग्राहक सबसे पहले हैं, जिन्होंने ब्रांड को 40 लाख महिंद्रा ट्रैक्टर ग्राहकों के बढ़ते आधार को बिक्री, सेवा और पुर्जों का बेजोड़ समर्थन प्रदान करने में सक्षम बनाया है।



You may also like

Leave a Comment