बिजनेस रेमेडीज/Mumbai, 17 March 2026। Jio Payments Bank Limited ने UPI आधारित कैश विदड्रॉल सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इस नई सुविधा के तहत ग्राहक अब बिज़नेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) टचपॉइंट्स पर QR कोड स्कैन कर बिना डेबिट कार्ड के नकद निकाल सकेंगे। इस सेवा के जरिए ग्राहकों को पारंपरिक ATM या डेबिट कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने UPI ऐप के माध्यम से ट्रांजैक्शन को ऑथराइज कर सीधे नकद प्राप्त कर सकेंगे, जिससे बैंकिंग सेवाएं और अधिक सरल और सुलभ बनेंगी।
Jio Payments Bank Limited के अनुसार, यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जहां ATM की उपलब्धता सीमित है। यह पहल उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जो डिजिटल बैंकिंग से जुड़ रहे हैं या जिनकी पहुंच पारंपरिक बैंकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित है। बैंक का कहना है कि यह कार्डलेस कैश विदड्रॉल सुविधा डिजिटल भुगतान और नकद उपयोग के बीच की दूरी को कम करेगी। साथ ही, यह पहली बार डिजिटल भुगतान अपनाने वाले उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित और सहज वातावरण में UPI का अनुभव प्रदान करेगी।
इस पहल के माध्यम से Jio Payments Bank Limited अपने डिजिटल पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर और लास्ट-माइल बिज़नेस कॉरेस्पोंडेंट नेटवर्क का उपयोग करते हुए बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को और व्यापक बना रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने, नकद-निर्भर वर्गों तक UPI की पहुंच विस्तार करने और डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।




