बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर जरूरत JECRC के सामाजिक सरोकार द्वारा बुधवार को कॉलेज परिसर में वार्षिक कार्यक्रम इनोसेंस’25 का आयोजन किया गया जिसने पूरे परिसर को उत्साह, उमंग और मासूम मुस्कानों से भर दिया। इस कार्यक्रम में नन्हें मेहमानों के लिए मनोरंजन, प्रेरणादायक भाषण, रंगीन प्रस्तुतियाँ और विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस भव्य आयोजन में विशेष रूप से आमंत्रित मुख्य अतिथि, रेमन मैग्सेसे पुरस्कार विजेता डॉ. मंदाकिनी आमटे और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. प्रकाश आमटे ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत टी-शर्ट के वितरण से हुई, जिसे पहनते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। डांस सेशन में कलाकारों के शानदार प्रदर्शन ने बच्चों को खूब मनोरंजन किया। बाल भोज के बाद कठपुतली नृत्य और मैजिक शो बच्चों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बने, जिन्होंने पूरे आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में, मुख्य अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। वहीं, डॉ. प्रकाश आमटे ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह वे अपने जीवन में हमेशा समाज सेवा और जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा अपने जीवन में मैंने हमेशा समाज सेवा को प्राथमिकता दी है, विशेष रूप से उन बच्चों के लिए, जिन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधनों की आवश्यकता होती है। सोनल कौशल, जिन्हें ‘मैजिक वॉयस’ के नाम से जाना जाता है , ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी को रोमांचित कर दिया। उन्होंने डोरेमोन, शिनचैन, छोटा भीम और अन्य एनीमेशन किरदारों की आवाज निकालकर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ला दी। उनकी प्रस्तुति को सभी ने खूब सराहा और बच्चों ने भी पूरे जोश के साथ इसमें भाग लिया। बच्चों के लिए बाल भोज और स्टोरी टेलिंग सत्र आयोजित किया गया , वे हर एक गतिविधि में पूरी तरह से खो गए, और उनकी हंसी, उत्साह और आनंद ने पूरे परिसर को एक उत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम के समापन से पहले बच्चों को ‘गुडी बैग्स’ मिले, जिनमें बॉर्नविटा, समर कैप, बॉडी लोशन आदि थीं, जो बच्चों के लिए एक खास उपहार की तरह थी। बैग्स पाकर उनकी खुशी देखते ही बन रही थी।
ओ.पी. जैन ने कहा कि इस कार्यक्रम और पहल का श्रेय पूर्णत जरूरत जेईसीआरसी के छात्रों को जाता हैं। जो जुनून और समर्पण के निस्वार्थ भाव से बच्चों को शिक्षा प्रदान करने में अपना योगदान दे रहे हैं। वर्तमान समय लगभग 200+ बच्चें जरूरत के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहें हैं। और हमारा लक्ष्य हैं की अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को इस पहल से जोड़ा जाए। जेईसीआरसी जरूरत की शुरूआत वर्ष 2011 में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निस्वार्थ भाव से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। विगत वर्षों में कई सम्मानित गणमान्य जैसे नोबेल शांति पुरस्कार 2014 विजेता कैलाश सत्यार्थी, वाटर मैन ऑफ़ इंडिया राजेंद्र सिंह, पद्म श्री पुरस्कृत देवरापल्ली प्रकाश राव और स्टैंड-अप कॉमेडियन जय छनियारा इस कार्यक्रम का हिस्सा बन चुके हैं। जरुरत द्वारा बच्चों के ओवरऑल डेवलपमेंट के लिए कई विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा हैं, जिसमें साइंस फेयर, म्यूजय़िम, और हिस्टोरिकल प्लेस का दौरा शामिल है। कार्यक्रम के अंत में, ऑडिटोरियम में वॉलंटियर्स, छात्रों और आयोजकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

