बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। नई दिल्ली आधारित ‘आरएनएफआई सर्विसेज लिमिटेड’ एक वित्तीय प्रौद्योगिकी फर्म है जो अपने ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से बी2बी और बी2बी2सी समाधान प्रदान करती है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण, माइक्रो एटीएम/ लैपटॉप/ सर्वर की खरीद के लिए पूंजीगत व्यय आवश्यकताओं की पूर्ति, नई क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर निवेश करने, अज्ञात अधिग्रहणों और अन्य रणनीतिक पहलों के माध्यम से इनॉर्गेनिक विकास हासिल करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 24 जुलाई को बंद होगा।
2015 में स्थापित, आरएनएफआई सर्विसेज लिमिटेड एक वित्तीय प्रौद्योगिकी फर्म है जो अपने ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से बी2बी और बी2बी2सी समाधान प्रदान करती है। कंपनी का कारोबार पूरे भारत में बैंकिंग, डिजिटल और सरकार-से-नागरिक (जी2सी) सेवाएं प्रदान करने पर केंद्रित है। कंपनी का व्यवसाय चार श्रेणियों व्यवसाय कॉरस्पॉडेंट सेवाएँ, गैर-व्यावसायिक कॉरस्पॉडेंट सेवाएँ, पूर्ण विकसित मनी चेंजर सेवा और इंश्योरेंस ब्रोकिंग में विभाजित है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 190.05 करोड़ रुपए एवं 5.55 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में 1069.4 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 4.88 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में 943.05 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 9.96 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का राजस्व एवं लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 1.06 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की कुल असेट्स 190.51 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 31.59 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 13.50 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 32.50 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 1.02 गुना है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार अधिक नहीं है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘आरएनएफआई सर्विसेज लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आज खुलकर 24 जुलाई 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपये फेसवैल्यू के 67,44,000 शेयर 98 रुपए से 105 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 70.81 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी चॉइस कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

