ब्याज दरों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले भारतीय शेयर बाजार बुधवार को हरे निशान में बंद हुआ। पूरे दिन बाजार में चौतरफा तेजी देखी गई।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 313.02 अंक या 0.38% की मजबूती के साथ 82,693.71 और निफ्टी 91.15 अंक या 0.36% ऊपर 25,330.25 पर बंद हुआ।
सबसे ज्यादा तेजी PSU बैंकिंग शेयरों में देखने को मिली। निफ्टी PSU Bank Index 2.61% उछलकर बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी आईटी (0.65%), निफ्टी ऑटो (0.55%), निफ्टी रियल्टी (0.41%), निफ्टी इन्फ्रा और निफ्टी प्राइवेट बैंक (0.37%) भी हरे निशान में बंद हुए। वहीं, निफ्टी PSE Index भी 0.74% चढ़ा।
दूसरी ओर, निफ्टी फार्मा (0.10%), निफ्टी FMCG (0.14%) और निफ्टी मेटल (0.50%) गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स पैक के टॉप गेनर्स में SBI, BEL, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, TCS, इन्फोसिस, टाटा मोटर्स, M&M, एशियन पेंट्स और सन फार्मा शामिल रहे।
टॉप लूजर्स में बजाज फिनसर्व, टाइटन, ITC, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, ICICI बैंक, HUL और HCL टेक शामिल रहे।
निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 49 अंक या 0.08% की तेजी के साथ 58,848.55 और निफ्टी स्मॉलकैप 124.85 अंक या 0.68% की मजबूती के साथ 18,423.20 पर बंद हुआ।
जानकारों का कहना है कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में सकारात्मक संकेत और स्थिर भारतीय रुपया निवेशकों के विश्वास को मजबूत कर रहे हैं। फिलहाल बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दरों पर फैसले पर टिकी है, जिसका ऐलान आज देर रात होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि फेड ब्याज दरों में 0.25% की कटौती कर सकता है।
सुबह बाजार की शुरुआत भी हरे निशान में हुई थी। 9:24 बजे सेंसेक्स 223 अंक ऊपर और निफ्टी 69 अंक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

