दोनों देशों के बीच शुल्क मुक्त कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
समझौते से न्यूजीलैंड में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
भारत-न्यूजीलैंड एफटीए (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) 20 अक्टूबर यानि विजयादशमी (दशहरा) पर लागू होने जा रहा है। यह जानकारी केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की ओर से सोमवार को दी गई। इस एफटीए को दोनों देशों की जीत बताते हुए गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की एक पोस्ट में लिखा कि भारत-न्यूजीलैंड एफटीए विजयादशमी के मौके पर 20 अक्टूबर 2026 को लागू होगा। बीते हफ्ते न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा था कि भारत और न्यूजीलैंड एफटीए अगले एक महीने के भीतर लागू होने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड की संसद ने दी मंजूरी
मैक्ले ने कहा कि न्यूजीलैंड की संसद ने एफटीए को मंजूरी दी है और दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों का मजबूत समर्थन मिला। कुल 93 सांसदों ने समझौते के पक्ष में, जबकि 26 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया।
द्विपक्षीय व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने इस समझौते को न्यूजीलैंड और भारत द्वारा किए गए सबसे अच्छे व्यापार समझौतों में से एक बताया और कहा कि इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को काफी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने की प्रतिबद्धता जताई है। मैक्ले ने कहा, मुझे लगता है कि अब यह लक्ष्य हासिल करना पूरी तरह संभव है।
इस समझौते से कई क्षेत्रों में अपार संभावनाएं
इससे पहले, गोयल ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह समझौता केवल वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कई नए क्षेत्रों में अपार संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत भारत से न्यूजीलैंड जाने वाले अधिकांश उत्पादों पर अब शून्य (जीरो) शुल्क लगेगा, जिससे भारतीय निर्यात को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
140 सेवा क्षेत्रों में खुला न्यूजीलैंड का बाजार
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि इस समझौते के जरिए न्यूजीलैंड का बाजार भारत के लिए लगभग 140 सेवा क्षेत्रों में खुल गया है। इसके अलावा शिक्षा, खेल, संस्कृति, कृषि उत्पादकता और तकनीकी सहयोग जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा।
न्यूजीलैंड के पीएम बोले, समझौते से मैं रोमांचित
इस समझौते से न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इस पर काफी खुशी जताई है। उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए अपनी प्रसन्नता साझा की। उन्होंने इस डील को एक उपलब्धि के तौर पर बयां किया। एक्स पर लिखा, लगभग तीन साल पहले, मैंने वादा किया था कि अगर हमारी पार्टी (नेशनल) चुनी जाती है, तो हम अपने पहले कार्यकाल में ही भारत के साथ एक फ्री ट्रेड डील (मुक्त व्यापार समझौता) करेंगे और हमने उस डील को फाइनल कर लिया है, जो अगले महीने से लागू हो जाएगी।
उत्साहित लक्सन ने आगे कहा, यह सोचना रोमांचक है कि इस एफटीए (मुक्त व्यापार समझौते) की वजह से कितने बिजनेस बढ़ेंगे और फिर यह सोचना कि इसका उन बिजनेस, उनमें काम करने वाले लोगों और पूरे देश के लिए क्या मतलब होगा। न्यूजीलैंड के पीएम ने उम्मीद जताई कि डील के लागू होने से एक्सपोर्टर्स के लिए ज्यादा अवसर उपलब्ध होंगे, बिजनेस तेजी से बढ़ेंगे और न्यूजीलैंड में ज्यादा रोजगार और आमदनी के मौके लोगों को मिलेंगे।

