बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से बिजनेस रैंकर्स के साथ 25 जुलाई, गुरुवार को सुबह 9.30 से सायं 6 बजे तक इंडिया एमएसएमई वीक इवेंट का आयोजन किया जाएगा। इवेंट का मीडिया पार्टनर बिजनेस रेमेडीज है।
बिजनेस रैंकर्स के एडिटर मूलचंद चाहर ने बताया कि इवेंट के मुख्य अतिथि जलदाय मंत्री कन्हैयालाल और उद्योग व वाणिज्य विभाग के राज्य मंत्री के.के. विश्नोई होंगे। इवेंट में ओडीओपी, क्लस्टर इवलपमेंट सहित विभिन्न विषयों पर विभाग के अधिकारियों और वक्ताओं की ओर से चर्चा की जाएगी। इंडिया एमएसएमई वीक इवेंट मेंं राज्य सरकार के उद्योगों को बढ़ावा देने वाली नीतियों तथा योजनाओं का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। चर्चा में विभिन्न सेशन होंगे, जिसमें मुख्य वक्ता उद्योग और वाणिज्य विभाग के प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा, आयुक्त रोहित गुप्ता, संयुक्त आयुक्त पी.एन.शर्मा होंगे। इसके अलावा सीईओ आरईपीसी पी.आर.शर्मा, एमडी, सिम्फोनिया और ग्राफिक्स (मॉडरेटर) अक्षय हाड़ा, संस्थापक, नीरजा इंटरनेशनल डॉ.लीला बोर्डिया, एमएसएमई, विकास कार्यालय के संयुक्त निदेशक गौरव जोशी, सहायक निदेशक अनिला चोरारिया वक्ता होंगे। दोपहर 12 बजे बाद क्लस्टरों के माध्यम से एमएसएमई विकास को मजबूत कैसे किया जाए? इस पर चर्चा की जाएगी। इसमें प्रमुख वक्ता आयुक्त रोहित गुप्ता, एसी सी.बी.नवल, निदेशक, अग्रवाल कॉरगेटिंग इंडस्ट्री नीलेश अग्रवाल, राजन भंडारी, अजय शर्मा होंगे। दोपहर 2.45 बजे से सेशन सशक्त महिला उद्यमी को लेकर चर्चा की जाएगी। इसकी मुख्य वक्ता मुख्य आयकर आयुक्त रोली अग्रवाल, प्रमुख सचिव, पर्यटन विभाग गायत्री ए. राठौड़, सचिव आरती डोगरा, आर्च कॉलेज ऑफ डिजाइन एंड बिजनेस की संस्थापक और निदेशक अर्चना सुराना, आभूषण डिजाइनर सुनीता शेखावत होंगी। दोपहर 3.45 बजे से एनएसई की ओर से कार्यशाला होगी। चार बजे बाद बजट के बाद का परिदृश्य और भारतीय शेयर बाजारों में अवसर पर चर्चा होगी, जिसमें प्रमुख वक्ता ट्रेडस्विफ्ट ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड के सह संस्थापक संदीप जैन होंगे। दोपहर बाद 4.20 बजे से सत्र एमएसएमई को बढ़ाना-विकास और विस्तार के लिए रणनीतियां, एमएसएमई के लिए वित्तपोषण विकल्प और समर्थन, एमएसएमई के लिए डिजिटल परिवर्तन पर चर्चा होगी। इसमें मुख्य वक्ता सचिव, वित्त विभाग डॉ.कृष्णकांत पाठक, ट्रेडस्विफ्ट ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड के सह संस्थापक संदीप जैन, इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) प्रदीप कुमार शर्मा, टैली के सहायक जीएम बलवंत सिंह चौहान, प्राथमिक बाजार संबंध-एनएसई के मुख्य प्रबंधक सुभदीप मजूमदार होंगे। शाम 5 बजे बाद रैंकर्स एमएसएमई पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

