Wednesday, August 12, 2026 |
Home Breaking Newsआर्थिक सुधारों से बढ़ी भारत की वैश्विक साख

आर्थिक सुधारों से बढ़ी भारत की वैश्विक साख

पिछले 12 वर्षों में किए गए आर्थिक सुधारों का दिखा असर

by Business Remedies
0 comments
  • कारोबार सुगमता में 79 पायदान की छलांग, 2.23 लाख स्टार्टअप्स ने दिए 23.3 लाख रोजगार
  • कारोबार सुगमता में 79 पायदान की छलांग
  • 2.23 लाख स्टार्टअप्स ने दिए 23.3 लाख रोजगार

नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क | पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा किए गए आर्थिक और प्रशासनिक सुधारों का असर अब वैश्विक मंचों पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। निवेशकों के भरोसे, कारोबार सुगमता, डिजिटल गवर्नेंस और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले कदमों ने भारत की वैश्विक साख को मजबूत किया है। सरकार की ओर से जारी फैक्टशीट के अनुसार विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों में भारत की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है, जबकि स्टार्टअप और MSME क्षेत्र में भी रिकॉर्ड वृद्धि देखने को मिली है।

कारोबार सुगमता में भारत ने लगाई बड़ी छलांग

भारत ने World Bank की Doing Business Report में 2014 के 142वें स्थान से बढ़कर 2019 में 63वां स्थान हासिल किया। पांच वर्षों में 79 पायदान की यह छलांग कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने, नियमों को सरल करने और प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाने का परिणाम है। इससे देश और विदेश के निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

डिजिटल गवर्नेंस में मजबूत हुई देश की स्थिति

World Bank के GovTech Maturity Index में भारत को लगातार Group-A में स्थान मिला है। वहीं United Nations के E-Government Survey में भी भारत ने उच्च स्कोर हासिल किया है। ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक आधारित सार्वजनिक सेवाओं के विस्तार ने नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।

स्टार्टअप क्रांति से देश में बढ़े रोजगार

Startup India पहल के तहत देश में उद्यमिता को नया बल मिला है। वर्ष 2016 में जहां केवल 502 मान्यता प्राप्त स्टार्टअप थे, वहीं मार्च 2026 तक इनकी संख्या बढ़कर 2.23 लाख से अधिक हो गई। इन स्टार्टअप्स ने 23.3 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित किए हैं। उल्लेखनीय है कि लगभग 48 प्रतिशत स्टार्टअप्स में कम से कम एक महिला निदेशक या साझेदार शामिल है।

MSME, कॉरपोरेट क्षेत्र को मिला लाभ

Udyam Registration Portal और MCA21 जैसी डिजिटल पहलों ने कारोबार शुरू करना और संचालन करना आसान बनाया है। अक्टूबर 2020 में जहां Udyam Portal पर केवल 10,020 पंजीकरण थे, वहीं जून 2026 तक संख्या 8.58 लाख से अधिक हो गई। दूसरी ओर MCA21 प्लेटफॉर्म पर 2021 से 2025 के बीच 3.84 करोड़ फाइलिंग्स हुईं, जिनमें से अधिकांश का निपटारा स्वचालित प्रक्रिया से किया गया।



You may also like

Leave a Comment