बिजऩेस रेमेडीज/रायपुर #बिल्डिंगबिजनेसओनर्स के लिए पहचाने जाने वाले भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) Raipur ने अपने आधुनिक परिसर में 14वां वार्षिक दीक्षांत समारोह उत्साहपूर्वक मनाया। इस समारोह में एमबीए, ई-एमबीए, एफपीएम और ईएफपीएम कार्यक्रमों से स्नातक करने वाले 595 प्रतिभाशाली छात्रों को डिग्रियाँ प्रदान की गई।
दीक्षांत समारोह के दौरान, ई-एमबीए कार्यक्रम के 216 छात्रों और नियमित पूर्णकालिक एमबीए कार्यक्रम के 369 छात्रों—जिसमें एमबीए 2023-25 बैच के 344 छात्र और एमबीए (MBA) 2022-24 बैच के 25 छात्र शामिल थे—को मुख्य अतिथि प्रभा नरसिम्हन, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कोलगेट पामोलिव इंडिया लिमिटेड द्वारा उपाधियाँ प्रदान की गईं।
स्नातक छात्रों को प्रेरित करते हुए, प्रभा नरसिम्हन ने कहा, कि आज का दिन केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि आपके भीतर छिपी संभावनाओं की पहचान का भी दिन है। भविष्य अब आपके हाथ में है, और एक टिकाऊ विश्व के निर्माण की ज़िम्मेदारी भी आप पर ही है। इस अवसर पर आईआईएम रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष पुनीत डालमिया ने कहा कि यहाँ मिली शिक्षा ने आपको न केवल हालात के अनुकूल होने, बल्कि नेतृत्व करने और नवाचार करने की क्षमता भी दी है। IIM Raipur के निदेशक प्रो. राम कुमार काकानी ने कहा कि हम अपने शोध के क्षेत्र का विस्तार कर रहे हैं, प्रभावशाली साझेदारियाँ बना रहे हैं और ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार कर रहे हैं, जो केवल नौकरी पाने वाले नहीं बल्कि #बिल्डिंगबिजनेसओनर्स तैयार करे।

