बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। देश की प्रमुख नॉन-बैंकिंग फाईनेंशियल कंपनियों (एनबीएफसी) में से एक, IIFL Finance Limited ने रिडीमेबल नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (एनसीडी) के पब्लिक इश्यू जारी किए हैं, जो आज से मिलना शुरू होंगे। इनका इश्यू साईज 500 करोड़ रुपये है, और 1,500 करोड़ रुपये तक का ओवरसब्सक्रिप्शन बनाए रखने के लिए ग्रीन-शू विकल्प है। इस प्रकार कुल इश्यू साईज 2,000 करोड़ रुपये का होगा। इस फंड का उद्देश्य कंपनी के व्यवसाय में वृद्धि करना और पूंजी बढ़ाना है। इस एनसीडी द्वारा 9 प्रतिशत प्रतिवर्ष तक का प्रभावी रिटर्न मिलेगा और यह 24 महीनों, 36 महीनों, और 60 महीनों की अवधियों के लिए उपलब्ध होगा। ब्याज का पे-आउट मासिक, वार्षिक या मैच्योरिटी के बाद लिया जा सकता है।
इस इश्यू को CRISIL Ratings ने CRISIL AA/Stable रेटिंग दी है। Brickwork Ratings द्वारा इसे BWR AA+ (Stable) रेटिंग दी गई है, जिससे प्रदर्शित होता है कि इनमें बहुत कम क्रेडिट रिस्क है और ये फाईनेंशियल दायित्वों को समय पर पूरा करने के लिए बहुत ज्यादा सुरक्षित हैं। Nirmal Jain, फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, IIFL Finance Limited ने कहा कि, ‘‘IIFL Finance Limited भारत के प्रमुख एनबीएफसी में से एक है। यह पूरे देश में मजबूत स्थिति रखता है। इसका डाईवर्सिफाईड रिटेल पोर्टफोलियो 4.6 मिलियन से अधिक वंचित ग्राहकों को क्रेडिट प्रदान करता है। इस प्रस्तावित फंड के माध्यम से हम क्रेडिट की उपलब्धता और अधिक बढ़ाएंगे तथा अपने फंडिंग स्रोतों का विस्तार करेंगे। पिछले कुछ सालों में IIFL Finance Limited ने बॉन्ड के माध्यम से फंड एकत्रित करने का एक मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड बनाया है तथा मूल राशि एवं ब्याज का समय पर भुगतान किया है।’’
31 दिसंबर, 2025 को IIFL Finance Limited के पास 98,336 करोड़ रुपये के कंसोलिडेटेड लोन एस्सेट्स अंडर मैनेजमेंट (ए.यू.एम) थे। कंपनी लगातार मजबूत एस्सेट क्वालिटी बनाकर रखती है। 31 दिसंबर, 2025 को कंपनी की कंसोलिडेटेड लोन बुक के प्रतिशत हिस्से में कंपनी के पास 1.60 प्रतिशत ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एस्सेट (एनपीए) और 0.75 प्रतिशत नेट एनपीए हैं। इसके अलावा, 31 दिसंबर, 2025 को कंपनी की 83.61 प्रतिशत कंसोलिडेटेड लोन बुक को पर्याप्त कोलेटरल द्वारा सुरक्षित कर लिया गया था, ताकि जोखिम और कम हो जाए।
वित्तवर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में IIFL Finance Limited ने 501.3 करोड़ रुपये का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (पीएटी) दर्ज किया, जो सालाना 514 प्रतिशत अधिक है। वहीं वित्तवर्ष 2026 के नौ महीनों के लिए पीएटी 1,193.5 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना 265 प्रतिशत अधिक है। विभिन्न बैंकों और फाईनेंशियल संस्थानों के साथ कंपनी के मजबूत संबंध हैं, जिससे फंडिंग की रणनीति में मदद मिलती है। 31 दिसंबर, 2025 को कंपनी के पास कंसोलिडेटेड आधार पर 4,761 शाखाओं का नेटवर्क था, जो देश के कोने-कोने में फैला था तथा कंपनी में कुल 36,786 कर्मचारी काम कर रहे थे।
इश्यू के लीड मैनेजर Trust Investment Advisors Private Limited, Nuvama Wealth Management Limited और IIFL Capital Services Limited हैं। निवेशकों को लिक्विडिटी प्रदान करने के लिए ये एनसीडी BSE Limited और National Stock Exchange of India पर सूचीबद्ध किए जाएंगे। हर एनसीडी की फेस वैल्यू 1,000 रुपये होगी। विभिन्न श्रेणियों में निवेशक कम से कम 10,000 रुपये के एप्लिकेशन साईज में आवेदन कर सकेंगे। पब्लिक इश्यू अरली क्लोजर के विकल्प के साथ मंगलवार, 17 फरवरी, 2026 को खुलेगा और बुधवार 4 मार्च, 2026 को बंद होगा। आवंटन पहले आएं, पहले पाएं के आधार पर किया जाएगा।

