बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली(आईएएनएस)। भारत के राष्ट्रीय सार्वजनिक खरीद पोर्टल, ‘गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस’ (जीईएम), के यूजर बेस में हाल के वर्षों में तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है। जीईएम में 1.64 लाख से अधिक प्राथमिक खरीदार और 4.2 लाख सक्रिय विक्रेता शामिल हैं। प्लेटफॉर्म 10,000 से अधिक प्रोडक्ट कैटेगरी और 330 से अधिक सेवाएं प्रदान करता है। हाल ही में जीईएम ने अपना 8वां स्थापना दिवस मनाया।
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए जीईएम के सीईओ मिहिर कुमार ने कहा कि जीईएम में हम सरलीकरण, सशक्तीकरण और परिवर्तन के लिए इनोवेशन कर रहे हैं। जीईएम पोर्टल की यात्रा पर हितधारकों को बधाई देते हुए कुमार ने विश्वास जताते हुए कहा, “मुझे यकीन है कि हमारे इकोसिस्टम के निरंतर समर्थन के साथ जीईएम और भी अधिक ऊंचाइयों को छुएगा और भारत को वास्तव में आत्मनिर्भर बनाने में सार्थक योगदान देगा।”जीईएम छोटे विक्रेताओं और पारंपरिक रूप से कम प्रतिनिधित्व वाले समूहों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 10 लाख से अधिक सूक्ष्म और लघु उद्यम (एमएसई), 1.3 लाख कारीगर और बुनकर, 1.84 लाख महिला उद्यमी और 31,000 स्टार्टअप अब जीईएम इकोसिस्टम का हिस्सा हैं।
जीईएम पर लगभग 97 प्रतिशत लेनदेन शुल्क से मुक्त हैं। इसके अतिरिक्त, शुल्क को 33 प्रतिशत से 96 प्रतिशत तक घटा दिया गया है और 10 करोड़ रुपए से अधिक के ऑर्डर के लिए 3 लाख रुपए की सीमा तय की गई है, जो पहले के 72.5 लाख रुपए से काफी कम है।

