Friday, July 17, 2026 |
Home Breaking Newsफरवरी में जेम्स एंड ज्वैलरी निर्यात 3.86% बढ़ा

फरवरी में जेम्स एंड ज्वैलरी निर्यात 3.86% बढ़ा

नए वैश्विक बाजारों में विस्तार से मिला सहारा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली (आईएएनएस)। भारत के जेम्स एंड ज्वैलरी निर्यात में फरवरी 2026 में सालाना आधार पर 3.86 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर 2,680.79 मिलियन डॉलर (24,340.05 करोड़ रुपये) हो गया। यह जानकारी जेम एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (GJEPC) द्वारा जारी आंकड़ों में सामने आई है।

पिछले वर्ष फरवरी में यह निर्यात 2,581.08 मिलियन डॉलर (22,460.13 करोड़ रुपये) रहा था। हालांकि चालू वित्त वर्ष के दौरान अब तक कुल निर्यात लगभग स्थिर बना हुआ है।

वित्त वर्ष में निर्यात लगभग स्थिर

आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच भारत का कुल जेम्स एंड ज्वैलरी निर्यात 25,933.72 मिलियन डॉलर (2,28,230.06 करोड़ रुपये) रहा। यह पिछले वर्ष की समान अवधि के 25,915.81 मिलियन डॉलर (2,18,737.62 करोड़ रुपये) के लगभग बराबर है।

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद उद्योग मजबूत

जीजेईपीसी के चेयरमैन किरीट भंसाली ने कहा कि अमेरिका की बदलती टैरिफ नीतियों, भू-राजनीतिक तनाव और प्रमुख बाजारों में उपभोक्ता मांग में बदलाव के कारण बीता वर्ष वैश्विक जेम्स एंड ज्वैलरी उद्योग के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। इसके बावजूद भारतीय उद्योग ने मजबूती दिखाई है।

नए बाजारों में बढ़ी भारतीय उपस्थिति

भंसाली के अनुसार भारतीय निर्यातकों ने अपने बाजारों का विविधीकरण किया है और संयुक्त अरब अमीरात तथा ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में अपनी उपस्थिति बढ़ाई है। इन देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों से कारोबार को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने बताया कि अमेरिका के टैरिफ ढांचे में हालिया बदलाव से स्टडेड ज्वैलरी सेगमेंट को भी कुछ राहत मिली है।

डायमंड और गोल्ड ज्वैलरी का प्रदर्शन

काउंसिल के अनुसार फरवरी में कट और पॉलिश्ड डायमंड का निर्यात 0.84 प्रतिशत घटकर 1,351.17 मिलियन डॉलर (12,268.05 करोड़ रुपये) रहा।

वहीं लैब-ग्रोवन पॉलिश्ड डायमंड का निर्यात 1.85 प्रतिशत बढ़कर 113.74 मिलियन डॉलर (1,033.03 करोड़ रुपये) हो गया।

इसके अलावा गोल्ड ज्वैलरी निर्यात में 3.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 928.85 मिलियन डॉलर (8,432.16 करोड़ रुपये) तक पहुंच गया।



You may also like

Leave a Comment