Sunday, July 5, 2026 |
Home Business Remediesफ्रांस में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित, भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की उपलब्धियों की सराहना

फ्रांस में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित, भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की उपलब्धियों की सराहना

by Business Remedies
0 comments
Finance Minister Nirmala Sitharaman addressing the Indian diaspora in France and appreciating Indian scientists and engineers working on the ITER project.

फ्रांस के मार्सेई शहर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय भारत की सॉफ्ट पावर को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय अपनी मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों के माध्यम से पूरी दुनिया में भारत की सकारात्मक पहचान बना रहा है। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने भारतीय समुदाय के सदस्यों से विस्तार से बातचीत की और उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने विदेशों में रहकर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले भारतीयों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता भारत के लिए गर्व का विषय है।

इसके बाद निर्मला सीतारमण ने फ्रांस के कदाराश स्थित आईटीईआर परियोजना में कार्यरत भारतीय पेशेवरों से भी मुलाकात की। इस परियोजना में लार्सन एंड टुब्रो के इंजीनियर और विशेषज्ञ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने परियोजना से जुड़े भारतीय वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मेहनत भविष्य की स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम साबित होगी। आईटीईआर दुनिया की सबसे बड़ी प्रायोगिक परमाणु संलयन रिएक्टर परियोजनाओं में से एक है। यह एक अंतरराष्ट्रीय सहयोग परियोजना है, जिसका उद्देश्य परमाणु संलयन तकनीक के माध्यम से भविष्य के लिए असीमित और स्वच्छ ऊर्जा विकसित करना है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में भारत सहित 7 प्रमुख सदस्य देश शामिल हैं, जबकि कई अन्य देशों के साथ भी सहयोग समझौते किए गए हैं।

अपने दौरे के दौरान वित्त मंत्री ने परियोजना से जुड़ी विस्तृत प्रस्तुति देखी, जिसमें भारत के योगदान की जानकारी दी गई। उन्हें परियोजना के विभिन्न अत्याधुनिक केंद्रों का भी भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्होंने क्लीनिंग हॉल, असेंबली हॉल और टोकामाक पिट जैसी प्रमुख सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित वैज्ञानिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। निर्मला सीतारमण ने कहा कि आईटीईआर जैसी परियोजनाएं भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में कार्यरत वैज्ञानिकों और इंजीनियरों का समर्पण पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों की सराहना की, जो पिछले लगभग 20 वर्षों से इस परियोजना में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने परियोजना में योगदान देने वाली भारतीय कंपनियों लार्सन एंड टुब्रो, इनॉक्स इंडिया, टीसीएस, टीसीई और एचसीएल टेक्नोलॉजीज़ सहित अन्य संस्थानों के कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन कंपनियों की विशेषज्ञता भारत की तकनीकी क्षमता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को प्रदर्शित करती है। इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और फ्रांस के अर्थव्यवस्था, वित्त, उद्योग, ऊर्जा तथा डिजिटल संप्रभुता मंत्री रोलां लेस्क्यूर ने भारत-फ्रांस आर्थिक एवं वित्तीय संवाद की सह-अध्यक्षता की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण खनिजों, आर्थिक संप्रभुता, सुरक्षा नीतियों तथा वित्तीय क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों देशों ने भविष्य में आर्थिक साझेदारी को और गहरा करने तथा नई संभावनाओं पर मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।



You may also like

Leave a Comment