राजस्थान की भजनलाल सरकार आज अपना पहला पूर्ण बजट पेश करेगी। वित्तमंत्री के रूप में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी विधानसभा में बजट पेश करेंगी। आने वाले दिनों में राजस्थान में उपचुनाव होने है। ऐसे में यह तय है कि बजट लोक लुभावना होगा। बजट में दीया कुमारी हर वर्ग के लिए बड़ी घोषणाएं कर सकती हैं। वित्तमंत्री दिया कुमारी पहले ही कह चुकी है कि सभी वर्गों को ध्यान में रखकर बजट बनाया गया है और बजट में हर वर्ग के लिए बड़ी घोषणाएं है। जहां भजनलाल शर्मा सरकार ने इसी साल फरवरी में अंतरिम बजट पेश किया था, जिसके जरिए 31 जुलाई तक के खर्चों के लिए वित्तीय व्यवस्था की गई थी। बजट पेश होने के बाद विधानसभा में करीब 13 दिन तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी और अंत में वित्त एवं विनियोग विधेयक (बजट) पारित होगा। वित्त एवं विनियोग विधेयक पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जवाब देंगे। राज्य के बजट में पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना के लिए फंड की घोषणा होने की उम्मीद है। इस योजना के धरातल पर आने से प्रदेश के 21 जिलों में पानी की समस्या दूर होगी। वहीं इंटरलिंकिंग ऑफ रिवर के तहत प्रदेश के सूखाग्रस्त इलाकों में बांधों को लबालब करने की भी योजना है। ऐसे में तीन प्रोजेक्ट के लिए फंड की घोषणा संभव है। भजनलाल सरकार का सबसे ज्यादा युवाओं पर फोकस है। ऐसे में साफ है कि सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा ऐलान किया जा सकता है। सत्ता में आने से पहले भाजपा 70 हजार नौकरियां देने का दावा किया था। ऐसे में युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों की घोषणा होना तय है। ऐसा माना जा रहा है कि राज्य के बजट में महिलाओं को आरक्षण देने की घोषणा की जा सकती है। वहीं बजट में अब एक बार फिर पैट्रोल और डीजल पर वैट कम करने का ऐलान हो सकता है। बजट में सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्त होने की आयु 65 साल करने का ऐलान किया जा सकता है। इसके अलावा बजट में भजनलाल सरकार स्टेट हाईवे को फिर से टोल मुक्त करने का ऐलान कर सकती है। भजनलाल सरकार ने सत्ता में आते ही चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का नाम बदल दिया था। लोकसभा चुनाव से पहले सीएम ने मुख्यमंत्री आयुष्मान स्वास्थ्य योजना की कवर राशि बढ़ाने की बात कही थी। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार इस योजना में 10 लाख रुपए तक के इलाज का ऐलान कर सकती है।

