जून महीने में इक्विटी आधारित म्यूचुअल फंडों में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बनी रही। व्यापक बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद निवेशकों ने इक्विटी योजनाओं में भरोसा दिखाया। Association Of Mutual Funds In India (AMFI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, जून में इक्विटी म्यूचुअल फंडों में शुद्ध निवेश बढ़कर ₹.28,973.41 करोड़ पहुंच गया, जो मई की तुलना में 26.47 प्रतिशत अधिक है।
जून के दौरान इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में कुल ₹.67,600.90 करोड़ का निवेश आया, जबकि निवेशकों ने ₹.38,627.49 करोड़ की निकासी की। इसके बाद शुद्ध निवेश ₹.28,973.41 करोड़ दर्ज किया गया। इससे पहले मई महीने में इक्विटी म्यूचुअल फंडों में ₹.22,907.77 करोड़ का शुद्ध निवेश हुआ था। विभिन्न इक्विटी योजनाओं में सबसे अधिक निवेश मिड-कैप फंड में देखने को मिला, जहां ₹.6,090.17 करोड़ का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। इसके बाद स्मॉल-कैप फंड में ₹.5,601.96 करोड़ और फ्लेक्सी-कैप फंड में ₹.5,231.31 करोड़ का शुद्ध निवेश हुआ।
इसके अलावा लार्ज एंड मिड-कैप फंड में ₹.4,321.32 करोड़ का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। वहीं मल्टी-कैप फंड में ₹.3,070.26 करोड़ और लार्ज-कैप फंड में ₹.2,067.48 करोड़ का शुद्ध निवेश प्राप्त हुआ। आंकड़ों के अनुसार सेक्टोरल और थीमैटिक फंड में ₹.1,469.26 करोड़ तथा फोकस्ड फंड में ₹.1,118.18 करोड़ का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। वहीं वैल्यू और कॉन्ट्रा फंड में भी ₹.686.79 करोड़ का शुद्ध निवेश देखने को मिला।
हालांकि सभी योजनाओं में तेजी नहीं रही। डिविडेंड यील्ड फंड से ₹.49.44 करोड़ की मामूली शुद्ध निकासी दर्ज की गई। वहीं Equity Linked Savings Scheme (ELSS) से जून के दौरान ₹.633.88 करोड़ की शुद्ध निकासी हुई। AMFI के अनुसार, 30 जून तक इक्विटी आधारित योजनाओं की कुल प्रबंधित परिसंपत्तियां ₹.37.34 लाख करोड़ पर पहुंच गईं, जो निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती हैं।
इक्विटी योजनाओं के अलावा Gold ETF में भी निवेशकों की मजबूत रुचि देखने को मिली, जहां जून के दौरान ₹.3,443.23 करोड़ का शुद्ध निवेश आया। वहीं अन्य ETF में ₹.13,237.76 करोड़ का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। हालांकि पूरे म्यूचुअल फंड उद्योग के स्तर पर जून में ₹.52,948.78 करोड़ की शुद्ध निकासी दर्ज की गई। इसका मुख्य कारण ऋण आधारित योजनाओं से ₹.1.09 लाख करोड़ की शुद्ध निकासी रहा। जून के अंत तक पूरे म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल प्रबंधित परिसंपत्तियां ₹.82.22 लाख करोड़ पर पहुंच गईं। वहीं कुल म्यूचुअल फंड खातों की संख्या बढ़कर 27.86 करोड़ हो गई, जो देश में लगातार बढ़ती निवेशक भागीदारी का संकेत देती है।

