भारत ने 2014 में ‘मेक इन इंडिया’ पहल की शुरुआत एक स्पष्ट लक्ष्य के साथ की — देश को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाना और आर्थिक आत्मनिर्भरता को सशक्त करना। इस अभियान का उद्देश्य न केवल विदेशी निवेश आकर्षित करना था, बल्कि घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहन देकर रोजगार सृजित करना, तकनीकी विकास को बढ़ावा देना और आयात पर निर्भरता घटाना भी था। पिछले वर्षोंं में इस पहल के तहत कई सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। ऑटोमोबाइल, रक्षा उत्पादन, मोबाइल निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स और अक्षय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उदाहरण के लिए, भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता बन चुका है और रक्षा उपकरणों के स्वदेशी उत्पादन में भी तेज वृद्धि दर्ज हुई है। प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रवाह में लगातार वृद्धि ने यह स्पष्ट किया है कि वैश्विक निवेशक भारत को एक स्थिर और आकर्षक विनिर्माण गंतव्य मानने लगे हैं। ‘मेक इन इंडिया’ ने न केवल विनिर्माण क्षेत्र को गति दी है बल्कि स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार संस्कृति को भी मजबूती प्रदान की है। सरकार द्वारा उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजनाओं और बुनियादी ढांचे में सुधार के प्रयासों ने इस दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हालाँकि, चुनौतियाँ अभी भी मौजूद हैं। विनिर्माण क्षेत्र का जीडीपी में योगदान अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुँच पाया है। कौशल विकास, भूमि अधिग्रहण की जटिलताएँ, लॉजिस्टिक लागत और नीति स्थिरता जैसे मुद्दे इस मिशन की गति को धीमा करते हैं। साथ ही, वैश्विक प्रतिस्पर्धा में टिके रहने के लिए अनुसंधान एवं विकास (R&D) में निवेश को और बढ़ाने की आवश्यकता है।
अर्थिक आत्मनिर्भरता की राह पर ‘मेक इन इंडिया’ एक सशक्त कदम साबित हुआ है, लेकिन इसे स्थायी सफलता में बदलने के लिए सरकार, उद्योग और समाज — तीनों को मिलकर कार्य करना होगा। यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक भविष्य यात्रा का महत्त्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे सही दिशा और निरंतर प्रयासों से ही गंतव्य तक पहुँचाया जा सकता है।

