Wednesday, July 15, 2026 |
Home Editorialभारत के विदेशी मुद्रा भंडार में होती बढ़ोतरी शुभ संकेत

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में होती बढ़ोतरी शुभ संकेत

by Business Remedies
0 comments

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार निरंतर बढ़ोतरी की ओर अग्रसर है। जो किसी भी देश के लिए शुभ संकेत माना जा सकता है। पिछले दिनों ही आरबीआई आंकड़े जारी कर बताया कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 699.736 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। किसी देश की वित्तीय स्थिरता और आर्थिक रणनीति की आधारशिला विदेशी मुद्रा भंडार ही है। केंद्रीय बैंकों या मौद्रिक प्राधिकरणों की ओर से रखे जाने वाले इन भंडारों में विदेशी मुद्राएं,सोना और अन्य अंतरराष्ट्रीय संपत्तियां शामिल होती हैं। ये किसी देश की मुद्रा के मूल्य को बनाए रखने, विनिमय दरों के प्रबंधन और देश की अंतरराष्ट्रीय वित्तीय दायित्वों को पूरा करने की क्षमता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये भंडार किसी देश की आर्थिक स्थिरता बनाए रखने और उसकी मुद्रा के मूल्य को सहारा देने के लिए आवश्यक हैं। ये कई उद्देश्यों की पूर्ति करते हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सुगम बनाना, यह सुनिश्चित करना कि देश अपने बाह्य ऋण दायित्वों को पूरा कर सके और आर्थिक झटकों से सुरक्षा प्रदान करना। जब कोई देश वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात करता है, तो उसे विदेशी मुद्रा प्राप्त होती है, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ता है। जब विदेशी कंपनियां भारत में निवेश करती हैं, तो वे अपनी मुद्रा को भारतीय रुपए में बदलती हैं, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि होती है। वहीं विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार और बॉन्ड में भी निवेश करते हैं, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि होती है। सोने के भंडार में वृद्धि भी विदेशी मुद्रा भंडार में योगदान करती है। इसके अलावा विदेशों में काम करने वाले भारतीय नागरिकों द्वारा अपने देश में भेजा गया धन, जिसे प्रेषण कहा जाता है, भी विदेशी मुद्रा भंडार में योगदान करता है। भारतीय रिजर्व बैंक समय-समय पर विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करता है, जैसे कि अमेरिकी डॉलर की बिक्री करके, रुपए की विनिमय दर को स्थिर करने के लिए, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार प्रभावित होता है।



You may also like

Leave a Comment