बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। सिटी पैलेस में प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन (पीडीकेएफ) द्वारा आयोजित हो रहे ‘पीडीकेएफ आर्टिजन कलेक्टिव’ का आज उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अवलोकन किया। यह विशेष कार्यक्रम देशभर के करीब 12 राज्यों से 50 से अधिक विमेन आर्टिजंस और एंटरप्रेन्योर्स को एक मंच पर लाया है, जहां उन्हें अपने शिल्प को प्रदर्शित करने, विविध लोगों से जुडऩे और अपना स्वयं का बाजार स्थापित करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फाउंडेशन की महिलाओं द्वारा यह एक सराहनीय पहल की गई है। देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला कारीगरों और शिल्पकारों को यहां अपनी कला और शिल्प का प्रदर्शन करने का एक शानदार मंच प्राप्त हुआ है। जो पर्यटक सिटी पैलेस घूमने आ रहे हैं, उनके लिए भी यह देश की कला, संस्कृति और शिल्प को जानने का एक बेहतरीन अवसर है। महिला सशक्तिकरण के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि हम महिलाओं को प्रोत्साहित करें और उन्हें एक मंच प्रदान करें, जिसके लिए हम हमेशा प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान पीडीकेएफ की जनरल सेक्रेटरी, जयपुर की प्रिंसेस गौरवी कुमारी और महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय संग्राहलय की कार्यकारी ट्रस्टी, रमा दत्त भी उपस्थित रहीं।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने राजस्थान को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने पर कहा कि राजस्थान में हर वह चीज़ मौजूद है, जो एक पर्यटक अनुभव करना चाहता है। चाहे वह वाइल्डलाइफ, महल, किले, वेडिंग डेस्टिनेशन, फिल्म शूटिंग स्थल या रूरल टूरिज्म हो, राजस्थान में सब कुछ उपलब्ध है। अब केवल आवश्यकता है इसकी सही तरीके से प्रचार-प्रसार करने की। साथ ही, राजस्थान के पर्यटन स्थलों की प्रभावी ब्रांडिंग और मार्केटिंग की जरूरत है, जिसे सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पर्यटन और राज्य सरकार दोनों मिलकर काम कर रहे हैं।
इस एग्जीबिशन में बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं, जिनमें पर्यटक, कला और हस्तशिल्प प्रेमी शामिल हैं। यहां आ रहे आगंतुक न केवल भारतीय शिल्प और कला का आनंद ले रहे हैं, बल्कि विभिन्न उत्पादों की खरीदारी भी कर रहे हैं।

