नई दिल्ली,
राजधानी दिल्ली में CNG की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने मंगलवार को CNG के दामों में 2रु. प्रति किलो की बढ़ोतरी की घोषणा की। पिछले दो सप्ताह के भीतर यह चौथी बार है जब CNG की कीमतें बढ़ाई गई हैं। लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों ने आम लोगों और परिवहन क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है। नई कीमतों के बाद दिल्ली में अब CNG की कीमत 83.09रु. प्रति किलो हो गई है, जबकि पहले यह 81.09रु. प्रति किलो थी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में अब CNG 91.70रु. प्रति किलो बिकेगी। गुरुग्राम में इसकी कीमत बढ़कर 88.12रु. प्रति किलो हो गई है। वहीं अजमेर में CNG के दाम 92.44रु. प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
इससे पहले शनिवार को भी CNG की कीमतों में 1रु. प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण CNG वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना है। दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी और व्यावसायिक वाहन बड़ी संख्या में CNG पर निर्भर हैं। ऐसे में परिवहन संचालकों का कहना है कि संचालन लागत बढ़ने से आने वाले समय में यात्रियों का किराया भी बढ़ाया जा सकता है। इसी बीच सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार चौथी बार बढ़ोतरी की है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में अस्थिरता और मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 2.61रु. प्रति लीटर बढ़कर 102.12रु. प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत में 2.71रु. की बढ़ोतरी के बाद यह 95.20रु. प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
कोलकाता में प्रमुख महानगरों के मुकाबले सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां पेट्रोल की कीमत 2.87रु. प्रति लीटर बढ़कर 113.51रु. प्रति लीटर हो गई, जबकि डीजल 2.80रु. महंगा होकर 99.82रु. प्रति लीटर पहुंच गया। मुंबई में भी ईंधन कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। यहां पेट्रोल 2.72रु. प्रति लीटर महंगा होकर 111.21रु. प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल की कीमत 2.81 रु. बढ़कर 97.83 रु. प्रति लीटर हो गई है। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 2.46रु. प्रति लीटर बढ़कर 107.77रु. प्रति लीटर हो गई, जबकि डीजल 2.57 रु. महंगा होकर 99.55 रु. प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
इस महीने ईंधन कीमतों में कई बार संशोधन किया जा चुका है। 15May को पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में 3रु. प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 May को 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। वहीं 23 May को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि ईंधन की कीमतें अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की दरों, मुद्रा विनिमय में उतार-चढ़ाव और घरेलू कर नीतियों से सीधे प्रभावित होती हैं। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण परिवहन और लॉजिस्टिक खर्च बढ़ने की संभावना है, जिससे सड़क मार्ग से आने वाले आवश्यक सामान भी महंगे हो सकते हैं। आम उपभोक्ताओं को रोजाना यात्रा खर्च में भी अधिक रकम चुकानी पड़ सकती है। हालांकि केंद्र सरकार ने 27 March को उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती की थी, लेकिन उसके बाद भी ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है।

