जयपुर। अहमदाबाद आधारित फिल्म एग्जिबिशन एवं प्रोडक्शन कंपनी City Pulse Multiplex Limited ने शेयर बाजारों को सूचित किया है कि उसकी निदेशक मंडल की बैठक 7 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बोर्ड शेयर स्प्लिट/सब-डिवीजन और बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार करेगा।
कंपनी के शेयर ने पिछले कुछ वर्षों में निवेशकों को उल्लेखनीय रिटर्न दिया है। वर्ष 2019 में कंपनी का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर 30 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर आया था, जिसमें 13,28,000 शेयर जारी कर करीब 4 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। वर्तमान में कंपनी का शेयर भाव 2,907 रुपये के आसपास है और बाजार पूंजीकरण लगभग 3,101 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच चुका है।
कारोबारी गतिविधियां और विस्तार
सिटी पल्स मल्टीप्लेक्स लिमिटेड, जिसे WOWPLEX OTT ब्रांड के तहत भी जाना जाता है, खुद को एक सांस्कृतिक और मनोरंजन परिसर के रूप में स्थापित कर चुकी है। कंपनी का दावा है कि उसने देश में मल्टीप्लेक्स की अवधारणा को लोकप्रिय बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई और सिनेमा देखने के अनुभव को नए आयाम दिए।
अध्यक्ष अर्पित मेहता के नेतृत्व में कंपनी ने तेजी से विस्तार किया है और विभिन्न श्रेणियों में कई पुरस्कार प्राप्त किए हैं। उन्हें गुजरात सरकार द्वारा वर्ष 2005-06 की सर्वश्रेष्ठ गुजराती फिल्म “लव इज ब्लाइंड” से जुड़े सम्मान से भी नवाजा गया था। वे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और ट्रस्टों से भी जुड़े रहे हैं।
कंपनी अपने मुख्यधारा से लेकर क्लासिक सिनेमा तक विभिन्न प्रारूपों में कंटेंट पेश करती है। इसके उप-ब्रांड ‘वाउ सिने पल्स’ के तहत ‘वर्ल्ड ऑन व्हील्स’ और ‘व्हील्स ऑन वॉटर’ जैसे इनोवेटिव फॉर्मेट पेश किए गए हैं। कंपनी के अनुसार, यह गुजरात का पहला प्रीमियम और घरेलू स्क्रीन फॉर्मेट है, जिसे एचएमवी (हैवी मोटर व्हीकल) प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। यह ऐप-आधारित मूवी व्यूइंग अनुभव प्रदान करता है, जिससे दर्शक अपने घर के दरवाजे पर परिवार और दोस्तों के साथ फिल्म का आनंद ले सकते हैं।
अब निवेशकों की नजर 7 मार्च की बोर्ड बैठक पर टिकी है, जहां शेयर स्प्लिट और बोनस शेयर की घोषणा से स्टॉक में और हलचल देखने को मिल सकती है।

