Sunday, August 9, 2026 |
Home Business and Economyअदानी पोर्ट्स ने 500 मिलियन टन कार्गो का ऐतिहासिक आंकड़ा किया पार

अदानी पोर्ट्स ने 500 मिलियन टन कार्गो का ऐतिहासिक आंकड़ा किया पार

by Business Remedies
0 comments
Port and cargo operations view of Adani Ports

अहमदाबाद,

देश की प्रमुख बंदरगाह कंपनी अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड ने बुधवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 500 मिलियन टन कार्गो हैंडल करने का महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। यह उपलब्धि कंपनी के विकास और देश के बुनियादी ढांचे की मजबूती को दर्शाती है।

साल 1998 में एकल बंदरगाह आधारित सोच के साथ शुरू हुई यह कंपनी आज भारत और विदेशों में फैले 19 बंदरगाहों और टर्मिनलों के नेटवर्क के रूप में विकसित हो चुकी है। यह नेटवर्क देश के व्यापार, औद्योगिक विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा रहा है। अदानी समूह के चेयरमैन गौतम अदानी ने इस उपलब्धि पर कहा कि बंदरगाह केवल व्यापार के द्वार नहीं होते, बल्कि यह देश के आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा और भविष्य के प्रवेश द्वार भी हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय ग्राहकों, साझेदारों और कंपनी के सभी कर्मचारियों की मेहनत और विश्वास को दिया।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों का भी आभार जताया, जिनकी नीतियों और बुनियादी ढांचे पर ध्यान देने की प्रतिबद्धता ने कंपनी को आगे बढ़ने का मजबूत आधार दिया। यह उपलब्धि अदानी पोर्ट्स के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मोड़ मानी जा रही है और यह भारत के बुनियादी ढांचे में हो रहे तेजी से बदलाव को भी दर्शाती है। कंपनी ने न केवल बड़े स्तर पर विस्तार किया है, बल्कि एक मजबूत और जुड़ा हुआ परिवहन तथा लॉजिस्टिक्स प्लेटफॉर्म भी तैयार किया है।

गौतम अदानी ने कहा कि 500 मिलियन टन का आंकड़ा पार करना भारत की विकास गाथा में कंपनी के लंबे विश्वास का संकेत है। कंपनी ने वर्षों में केवल बंदरगाह ही नहीं बनाए, बल्कि रेल, सड़क, ट्रकिंग, गोदाम और कार्गो सेवाओं को जोड़ते हुए एक व्यापक प्रणाली विकसित की है। इस उपलब्धि तक पहुंचने का सफर भी उल्लेखनीय रहा है। कंपनी को पहले 100 मिलियन टन तक पहुंचने में 16 साल लगे, लेकिन इसके बाद हर अगले 100 मिलियन टन का आंकड़ा पहले से कम समय में हासिल किया गया, जो बढ़ती क्षमता, दक्षता और मजबूत रणनीति को दर्शाता है।

अब कंपनी वर्ष 2030 तक 1 बिलियन टन कार्गो हैंडल करने के अपने अगले बड़े लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। इस दिशा में कंपनी विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ-साथ उत्कृष्ट सेवा और संचालन क्षमता पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है। वर्तमान में कंपनी भारत के पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी तटों पर स्थित 15 प्रमुख बंदरगाहों और टर्मिनलों का संचालन कर रही है। इसके साथ ही कंपनी के पास 127 जहाजों का समुद्री बेड़ा, 12 मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, लगभग 31 लाख वर्ग फुट गोदाम क्षमता और 25,000 से अधिक ट्रकों का मजबूत नेटवर्क मौजूद है।



You may also like

Leave a Comment