बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। हरियाणा के Gurugram आधारित Accord Transformer and Switchgear Limited विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रिकल पावर एवं डिस्ट्रीब्यूशन इक्विपमेंट का निर्माण एवं बिक्री करने वाली कंपनी है। कंपनी द्वारा मशीनरी और उपकरण की खरीद के लिए पूंजीगत व्यय करने के लिए राशि जुटाने, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु BSE SME प्लेटफार्म पर IPO लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के Prospectus से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: 2014 में निगमित Accord Transformer and Switchgear Limited, इलेक्ट्रिकल पावर एवं डिस्ट्रीब्यूशन इक्विपमेंट की विविध श्रेणी के डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण और आपूर्ति में लगी हुई प्रतिष्ठित कंपनी है। 10 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, कंपनी Electric Transmission एवं Distribution, Renewable Energy, औद्योगिक अनुप्रयोग, Infrastructure परियोजनाएं और Electric Vehicle (EV) Charging Network सहित विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों की मानक और अनुकूलित आवश्यकताओं को पूरा कर रही है।
प्रोडक्ट पोर्टफोलियो: Accord Transformer and Switchgear Limited एक व्यापक प्रोडक्ट पोर्टफोलियो प्रदान करता है, जिसमें शामिल हैं:
- ट्रांसफॉर्मर:
डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर: 2.5 मेगावाट तक, 36 केवी
पावर ट्रांसफॉर्मर: 20 मेगावाट तक, 33 केवी
ड्राई-टाइप ट्रांसफॉर्मर: 5000 केवी तक, 36 केवी
विशेष प्रयोजन ट्रांसफॉर्मर: इनमें सोलर ट्रांसफॉर्मर, विंड इन्वर्टर और फर्नेस ट्रांसफॉर्मर शामिल हैं।
कंट्रोल पैनल और स्विचगियर:
लो-वोल्टेज (एलवी) कंट्रोल पैनल, एलवी कंट्रोल स्विचबोर्ड और एपीएफसी पैनल।
मीडियम-वोल्टेज (एमवी) / वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) पैनल।
इंडस्ट्रियल पैनल।
कस्टमाइज्ड Prisma Set कंट्रोल पैनल (Schneider Electric के सहयोग से)।
पैकेज सबस्टेशन, बसडक्ट, केबल ट्रे और संबंधित स्विचगियर असेंबली।
कंपनी Rajasthan के Bhiwadi में दो विनिर्माण संयंत्र संचालित करती है, जिसका पंजीकृत कार्यालय Haryana के Manesar में स्थित है। ये संयंत्र प्लाज्मा कटिंग सिस्टम, फॉइल वाइंडिंग मशीन, शॉट ब्लास्टिंग और पेंटिंग बूथ जैसी अत्याधुनिक मशीनों और व्यापक आंतरिक परीक्षण प्रयोगशालाओं से सुसज्जित हैं, जो महत्वपूर्ण विद्युत प्रणालियों के डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और तैनाती में विशेषज्ञता प्रदान करते हैं। कंपनी ने Schneider Electric और Lucy Electric के साथ रणनीतिक करार किया है, इससे कंपनी को उत्कृष्ट तकनीकी सहयोग मिलेगा। कंपनी को Power Grid Corporation of India Limited द्वारा 33केवी तक के ट्रांसफार्मर हेतु अनुमोदित विक्रेता नियुक्त किया गया है। 18 जनवरी, 2026 तक कंपनी की ऑर्डरबुक 164.25 करोड़ रुपए की थी। कंपनी ने Electric Vehicle Charging Infrastructure और Renewable Energy Solutions के क्षेत्र में डायवर्सिफिकेशन किया है।
कंपनी ने मजबूत आंतरिक अनुसंधान एवं विकास और उन्नत विनिर्माण क्षमताएं विकसित की है। भारत में Grid आधुनिकीकरण और Renewable Energy को बढ़ावा व Electric Vehicle Infrastructure विस्तार की गति को तेज करने के साथ Accord Transformer रणनीतिक रूप से उपयुक्त स्थिति में है। 31 दिसंबर, 2025 तक, कंपनी में 114 स्थायी कर्मचारी कार्यरत थे।
प्रवर्तकों का अनुभव:
48 वर्षीय Pradeep Kumar Verma कंपनी के प्रमोटर, अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। उन्होंने Dr. Bhimrao Ambedkar University से Electrical और Electronics Engineering में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्रांसफार्मर और स्विचगियर निर्माण उद्योग में डिजाइन, इंजीनियरिंग, संचालन प्रबंधन, उत्पाद और व्यवसाय विकास और नेतृत्व भूमिकाओं में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वे कंपनी के समग्र विकास को दिशा देने, परिचालन दक्षता सुनिश्चित करने, बाजार में इसकी स्थिति को मजबूत करने और सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने के लिए जिम्मेदार हैं।
45 वर्षीया Shalini Singh कंपनी की प्रमोटर और पूर्णकालिक निदेशक हैं। उन्होंने Chhatrapati Shahu Maharaj University, Kanpur से समाजशास्त्र में कला स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें रणनीतिक नेतृत्व और परिचालन प्रबंधन में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है, जिसमें विनिर्माण क्षेत्र प्रमुख है। वे ट्रांसफार्मर और स्विचगियर निर्माण में उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों और परिचालन दक्षता सहित कंपनी के संचालन की देखरेख के लिए जिम्मेदार हैं।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 40.81 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 0.87 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 48.60 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 1.61 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 79.20 करोड़ रुपए का कुल राजस्व और 6.05 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 में 31 दिसंबर 2025 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 45.29 करोड़ रुपए का राजस्व और 2.91 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 में 31 दिसंबर 2025 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 6.44 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 0.18 का है और इस आधार पर कहा जा सकता है कि कंपनी पर कर्ज भार अधिक नहीं है।
IPO के संबंध में जानकारी: Accord Transformer and Switchgear Limited का IPO BSE SME प्लेटफार्म पर 23 फरवरी को खुलकर 25 फरवरी 2026 को बंद होगा। कंपनी द्वारा Book Built Issue प्रणाली से 10 रुपए Face Value के 55,62,000 शेयर 43 से 46 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर कुल 26 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। IPO का मार्केट लॉट साइज 3000 शेयरों का है और व्यक्तिगत निवेशकों को 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। IPO का प्रबंधन प्रमुख Lead Manager कंपनी GYR Capital Advisors Private Limited द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

