बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। पूना आधारित ‘अल्फालॉजिक इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ इंडस्ट्रीयल स्टोरेज सिस्टम निर्माण व बिक्री करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी ने 30 सितंबर 2024 को समाप्त छमाही के वित्तीय परिणाम प्रस्तुत किए हैं और उक्त अवधि में कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन शानदार रहा है। आज के लेख में हम कंपनी की कारोबारी गतिविधियां, हालिया वित्तीय प्रदर्शन, लिस्टिंग के मायने जैसे विषयों को जानने का प्रयास करेंगे।
यह करती है कंपनी
वर्ष 2020 में ‘अल्फालॉजिक इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ का इनकॉर्पोरेशन हुआ था। अल्फालॉजिक इंडस्ट्रीज लिमिटेड मैसर्स अल्फालॉजिक टेकसिस लिमिटेड की सहायक कंपनी है। कंपनी इंडस्ट्रीयल और इंस्टीट्यूशनल स्टोरेज सिस्टम्स की डिजाइन, निर्माण, आपूर्ति और इस्टॉलेशन का काम करती है। कंपनी कॉम्पैक्टर स्टोरेज सिस्टम, हैवी ड्यूटी स्टोरेज रैक, कैंटिलीवर रैक, लॉकर, मेजेनाइन फ्लोर्स, मेटल पैलेट और क्रेट, लाइब्रेरी स्टैक, बुक केस, बुक ट्रॉली, पीरियोडिकल डिस्प्ले रैक, स्कूल लॉकर, बुक सपोर्ट आदि बनाती है।
अल्फालॉजिक इंडस्ट्रीज की विनिर्माण इकाई पिंपरी चिंचवाड़, पुणे, महाराष्ट्र में स्थित है। कंपनी ने ऑटोमोबाइल उद्योग, ई-कॉमर्स कंपनियों, खाद्य उद्योग, लॉजिस्टिक्स कंपनियों, इंजीनियरिंग कंपनियों, फार्मास्युटिकल संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, आईटी कंपनियों आदि के लिए स्टोरेज सॉल्यूशन डिजाइन एवं आपूर्ति की है। वित्तीय वर्ष 2024 में कंपनी ने 150 से अधिक विभिन्न उद्योगों से संबंधित ग्राहकों को सेवा प्रदान की है। कंपनी आईएसओ 9001:2015, 14001:2015, 45001:2018 और बीआईएमएफए प्रमाणित स्टोरेज सॉल्यूशन निर्माण कंपनी है। कंपनी की नवाचार, उत्कृष्टता, गुणवत्ता और ग्राहक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता ने कंपनी के ग्राहकों के लिए लगातार विकास सुनिश्चित किया है। सरल डिजाइन वाले कंपनी के कॉम्पैक्ट उत्पाद साइट पर परिवहन और संयोजन की सुविधा प्रदान करते हैं। इन्हें संचालित करना और रखरखाव करना आसान है और ये खूबसूरती से ग्राहकों के कार्यक्षेत्र का हिस्सा बन जाते हैं। इससे इनका बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित हो पाता है। कंपनी को टाइम्स पावर ब्रांड्स 2023 इंडस्ट्रीयल रैकिंग व स्टोरेज सॉल्यूशन्स लीडर के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। अब कंपनी को नियमित रूप से इंडस्ट्रियल रैकिंग व स्टोरेज सॉल्यूशन के आर्डर मिल रहे हैं।
हालिया वित्तीय प्रदर्शन और बोनस शेयर 30 सितंबर 2024 को समाप्त छमाही में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 20.01 करोड़ रुपए के मुकाबले 40.32 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया है। उक्त अवधि में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 1.11 लाख रुपए के मुकाबले 1.83 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। 30 सितंबर 2024 को समाप्त छमाही में कंपनी ने 1.80 रुपए का ईपीएस अर्जित किया है।
कंपनी प्रवर्तकों का अनुभव
कंपनी के कोई भी व्यक्तिगत प्रवर्तक नहीं है। अल्फालॉजिक टेकसिस लिमिटेड कंपनी की कॉर्पोरेट प्रवर्तक हैं। अल्फालॉजिक टेकसिस के प्रवर्तक अंशू गोयल और धनंजय सुभाष गोयल हैं। प्रवर्तकों को आईटी, कमोडिटी, मेटल समेत इंडस्ट्रीयल स्टोरेज सिस्टम जैसे विभिन्न क्षेत्रों का वृहद अनुभव है। कंपनी के डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोंटू भाई गांधी को इंडस्ट्रीयल रैकिंग क्षेत्र में करीब 15 वर्षों का अनुभव है।
लिस्टिंग के मायने
जुलाई 2023 में कंपनी का आईपीओ आया था। तब कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 1341600 शेयर 96 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 12.88 करोड़ रुपए जुटाए गए थे। तब से अब तक कंपनी ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। वर्तमान में कंपनी का शेयर करीब 230 रुपए प्रति शेयर के भाव पर कारोबार कर रहा है। कंपनी ने शेयरधारकों को 1 इक्विटी शेयर पर 1 बोनस शेयर पिछले साल प्रदान किए थे।
नोट : कंपनी के शेयर में निवेश करने से पूर्व निवेशक पंजीकृत निवेश सलाहकारों की सलाह लें और यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

