बिजनेस रेमेडीज़/निम्बाहेड़ा। वंडर सीमेंट लि. द्वारा भारत सरकार के ‘एक पेड माँ के नाम अभियान’ एवं ‘हरित चिश्रौड़ 2024’ के तहत बुधवार को निम्बाहेड़ा क्षेत्र के वंडर सीमेंट पंचफल उद्यान धनोरा, ग्राम पंचायत फलवा में वंडर सीमेंट लि. निम्बाहेड़ा के यूनिट हेड नितिन जैन के मुख्य आतिथ्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कम्पनी के यूनिट हेड़ नितिन जैन तथा सरपंच ग्राम पंचायत फलवा भोपराज टांक, पूर्व सरपंच शम्भूलाल जाट, ग्राम विकास अधिकारी रामनिवास धाकड़, पीईईओ फलवा लालचन्द मीणा सहित ग्राम पंचायत फलवा के सभी राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने वंडर सीमेंट पंचफल उद्यान में विभिन्न प्रकार के फलदार पौधों से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया।
इस दौरान यूनिट हेड जैन ने सभी को वृक्ष संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान को अपने दैनिक जीवन में उतारते हुए अपने घर, ग्राम, पंचायत एवं जिले को हरित बनाकर अपने जीवन को सार्थक बनाना हैं। इस दौरान श्री जैन ने ‘वंडर वृक्ष रथ’ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यहवंडर वृक्ष रथग्रामों में फलदार तथा छाया देने वाले औषधीय पौधे वितरित करते हुए ‘आओं अपना फर्ज निभाये, पेड़ लगाकर फर्क दिखाये’ नारे के साथ लोगों को वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण हेतु भी प्रेरित करेगा।
उल्लेखनीय है की वर्ष 2024-25 में कम्पनी द्वारा माईन्स एवं प्लांट परिसर में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से ही वृक्षारोपण अनवरत जारी है। जिसमें 10 हजार से अधिक पौधारोपण हो चुका हैं। वंडर सीमेंट के सहयोग से ग्राम पंचायत फलवा के धनोरा गांव में 12.5 हेक्टेयर जमीन पर वंडर सीमेंट पंचफल उद्यान की स्थापना की गई है। जहां किन्नू, अमरुद, जामुन, सीताफल, शहतूत, आंवला, आम, एप्पल बेर आदि के लगभग 7000 फलदार पौधे लगाए गए हैं। पंचफल में वंडर सीमेंट द्वारा सोलर पंप सेट, वाटर स्टोरेज टैंक, पौधों में पानी देने लिए पाइपलाइन, पंचफल की सुरक्षा के लिए वायर फेंसिंग आदि का भी सहयोग किया गया है। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत फलवा के कर्मचारियों सहित वंडर सीमेंट लि. के ए.जी.एम., सी.एस.आर. हेमेंद्र सिंह झाला, उप प्रधानाचार्य फलवा जितेन्द्र कुमार सोनी, प्रधानाध्यपक धनोरा विनोद सूथार, पालडी से यशवन्त जोशी, दीपक कुमार भट्ट सहित शिक्षकगण एवं ग्रामवासी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापिका, फलवा मन्जूला जैन ने किया।

